टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भले ही क्रिकेट से रिटायर हो गए हैं, लेकिन अब भी कारोबारी दुनिया के वह बड़े खिलाड़ी हैं। 39 वर्षीय महेंद्र सिंह धोनी 30 से ज्यादा चर्चित ब्रांड्स का प्रचार करते हैं। एक दिन की शूटिंग का 1.5 करोड़ रुपये लेने वाले महेंद्र सिंह धोनी का एन. श्रीनिवासन की कंपनी इंडिया सीमेंट्स में भी बड़ा दखल है। वह इंडिया सीमेंट्स के मार्केटिंग वाइस प्रेसिडेंट हैं। टीवीएस, मास्टरकार्ड, कोका कोला, खाता बुक, गोडैडी, अशोक लीलैंड, रेड बस जैसे तमाम ब्रांड्स के प्रचार में नजर आने वाले महेंद्र सिंह धोनी को कंपनियां एक अच्छे एडवर्टाइजर के तौर पर देखती रही हैं। भले ही महेंद्र सिंह धोनी लंबे समय से क्रिकेट के मैदान से दूर हैं और कप्तानी काफी पहले ही छोड़ चुके हैं, लेकिन अब भी विराट कोहली के बाद मार्केट के वह दूसरे बड़े प्लेयर हैं।

ऐड से ही अच्छी कमाई करने वाले महेंद्र सिंह धोनी अभी कई साल तक इससे दौलत बटोर सकते हैं। मार्केट के जानकारों का कहना है कि महेंद्र सिंह धोनी की क्रिकेट से इतर एक अच्छे लीडर के तौर पर भी छवि है। ऐसे में कैप्टन कूल के लिए आने वाले कुछ और साल बेहतर रह सकते हैं। मार्केट के एक्सपर्ट कहते हैं, ‘क्रिकेट छोड़ने के बाद से ही उनके रेट पहले जैसे नहीं रह गए हैं। विराट कोहली से लगभग आधे बजट में प्रचार के लिए कंपनियां उन्हें एक अच्छा विकल्प मानती हैं। ऐसे में यदि कोई कंपनी सामान्य बजट में बड़ी सिलेब्रिटी चाहती है तो धोनी एक बेहतर विकल्प रहेंगे।’

साफ है कि आने वाले कुछ और सालों तक ऐड इंडस्ट्री के दिग्गज प्लेयरों में धोनी शुमार रहेंगे। इसके अलावा वह अब भी आईपीएल के इस सीजन और फिर अगले साल चेन्नै सुपरकिंग्स का हिस्सा रह सकते हैं। ऐसे में खेल के मैदान पर बने रहने के चलते उनकी ब्रैंडिंग पर फिलहाल बड़ा असर नहीं पड़ेगा। फोर्ब्स की टॉप 10 ब्रांड वैल्यू वाली सिलेब्रिटीज में महेंद्र सिंह धोनी भारत में 2019 में 5वें नंबर पर थे, जबकि विराट कोहली पहले पायदान पर हैं।

मौजूदा इंडियन क्रिकेट टीम का कोई अन्य सदस्य टॉप 10 की लिस्ट में शामिल नहीं था। विराट कोहली ने 2019 में 252.72 करोड़ रुपये की कमाई थी, जबकि महेंद्र सिंह धोनी ने 135 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की। इस लिहाज से देखें तो शाहरुख खान, रणवीर सिंह, सचिन तेंडुलकर, दीपिका पादुकोण, प्रियंका चोपड़ा, आमिर खान, अजय देवगन जैसे दिग्गज स्टार्स से वह आगे रहे हैं।