हाल ही में अमेरिकी ई कॉमर्स कंपनी अमेजन ने दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की है। इस याचिका में भारत के रिटेल किंग के नाम से मशहूर फ्यूचर ग्रुप के फाउंडर किशोर बियानी की गिरफ्तारी और संपत्ति जब्त करने की मांग की गई है। आइए जानते हैं किशोर बियानी के सफलता की कहानी और आखिर क्यों अमेजन की ओर से बियानी के गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
कौन है किशोर बियानीः रिटेल बाजार के सबसे बड़े फ्यूचर ग्रुप के मुखिया किशोर बियानी का जन्म राजस्थान में हुआ था। भारत के रिटेल किंग के नाम से मशहूर किशोर बियानी का परिवार कपड़ा का कारोबार करता था। किशोर बियानी भी इसी नक्शेकदम पर चले और महज 22 की उम्र में ट्राउजर बनाने का काम शुरू किया। यह आगे चलकर पैंटालून ब्रांड बन गया, जो आज पूरी दुनिया में बिजनेस कर रही है।
फ्यूचर रिटेल के Big Bazaar ने अगली तीन तिमाहियों के दौरान 16 नए स्टोर शुरू करने की योजना बनाई है। इस विस्तार के साथ ही बिग बाजार के स्टोरों की संख्या बढ़कर 300 से अधिक हो जाएंगी। बता दें कि कंपनी की 100 से अधिक शहरों में मौजूदगी है। फ्यूचर ग्रुप ने बिग बाजार का पहला स्टोर 2001 में खोला था।
अमेजन का क्या कहना हैः दरअसल, अमेजन को फ्यूचर समूह और रिलायंस इंडस्ट्रीज के बीच हुए 24,713 करोड़ रुपये के डील पर आपत्ति है। इस डील को हाल ही में सेबी ने मंजूरी दी है।
इसके बाद याचिका में अमेजन ने फ्यूचर के विरुद्ध सिंगापुर की मध्यस्थता अदालत के आदेश को लागू कराने का अनुरोध किया है। अमेजन ने मांग की है कि बियानी परिवार को उनकी चल – अचल सम्पत्ति घोषित करने का निर्देश दिया जाए और उनकी सम्पत्ति जब्त की जाए।
अमेजन ने किशोर बियानी, उनकी बेटी अश्नी और संस्थापक परिवार के अन्य सात सदस्यों तथा फ्यूचर समूह के कंपनी सचिव सहित तीन अधिकारियों को गिरफ्तार किए जाने की भी मांग की है। अमेजन ने फ्यूचर समूह की कंपनियों के निदेशकों को सिविल जेल में डालने के निर्देश दिए जाने की भी मांग की है।
आपको बता दें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज की रिटेल ईकाई फ्यूचर ग्रुप के रिटेल, होलसेल, लॉजिस्टिक्स और वेयर हाउसिंग कारोबार का अधिग्रहण करने वाली है। इसमें फ्यूचर ग्रुप के बिग बाजार, FBB, ईजीडे, सेंट्रल फूडहॉल फॉर्मेट्स के स्टोर शामिल हैं।