वैश्विक मंदी के बीच भारत को एक प्रकाशपुंज बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि 7.5 प्रतिशत की वृद्धि दर के साथ भारत दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था है जो आने वाले वर्षो में और तेजी से आगे बढ़ेगी। मोदी ने यहां भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा, ‘ऐसे समय में जबकि विश्व में मंदी छाई हुई है, दुनिया की हर आर्थिक संस्था ने माना है कि भारत सबसे तेज गति से आगे बढ़ रहा है।’ उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था है जो इस समय 7.5 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है और आने वाले वर्षो में यह दर और भी बढ़ेगी।

प्रधानमंत्री ने साथ ही कहा कि यह काम आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की सवा सौ करोड़ की आबादी है, 500 शहर और छह लाख से अधिक गांव हैं लेकिन हमें विश्वास और आस्था है कि हम इस काम को पूरा करेंगे। हमें भारतीयों की प्रतिभा और उद्यमशीलता पर भी विश्वास है।

मोदी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र या विश्व व्यापार संगठन के कांफ्रेंस कक्ष में किये गये निर्णय भारत के गांव में किसानों के जीवन को प्रभावित कर सकते हैं, एक स्थान की जीवनशैली, जलवायु या कृषि दूसरे स्थान पर प्रभाव डाल सकती है।

उन्होंने कहा कि हमें एक दूसरे के बाजार और संसाधनों की जरूरत है, हमें मित्र और सहयोगी तलाशने के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं है। दक्षिण पूर्व एशिया हमारे समु्रद और भूमि से जुड़ा पड़ोस है। यह क्षेत्र प्रतिभा, संस्कृति और उद्यमिता से भरपूर है।