Hurun India की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक HCL टेक्नोलॉजी की चेयरपर्सन रोशनी नाडर भारत की सबसे अमीर महिला हैं। उनकी कुल संपत्ति 54,850 करोड़ रुपए है। रोशनी नाडर को इसी साल जुलाई में HCL टेक्नॉलजी का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया था। आपको यहां बता दें कि रोशनी के पिता शिव नाडर एचसीएल के फाउंडर हैं। दिलचस्प बात ये है कि रोशनी नाडर ने मीडिया की नौकरी छोड़कर HCL को ज्वाइन किया था।

दिल्ली से पढ़ाई: रोशनी ने दिल्ली के वसंत वैली स्कूल से पढ़ाई की है। वहीं, नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी से मीडिया में ग्रेजुएशन किया। उन्होंने केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से एमबीए की भी पढ़ाई की है। पढ़ाई के बाद रोशनी नाडर ने स्काई न्यूज यूके और सीएनएन अमेरिका के लिए काम किया। यहां रोशनी न्यूज प्रोड्यूसर के पद पर थीं। इसके बाद अपने पिता के कहने पर उन्होंने ये नौकरी छोड़ दी।

2009 में एचसीएल से जुड़ीं: रोशनी नाडर ने 2009 में पिता के कारोबार एचसीएल कॉर्प को ज्वाइन किया। वे 28 साल की उम्र में कंपनी की सीईओ बन गई थीं। रोशनी  2013 में एचसीएल टेक्नोलॉजीज के निदेशक मंडल में शामिल हुईं और वाइस चेयरपर्सन थीं। साल 2020 के जुलाई महीने में पिता शिव नाडर के पद से हटने के बाद रोशनी को HCL टेक्नोलॉजी का चेयरपर्सन बनाया गया है। इसी के साथ रोशनी नाडर किसी सूचीबद्ध भारतीय आईटी कंपनी की प्रमुख बनने वाली पहली महिला बन गईं।

रोशनी ने एचसीएल हेल्थकेयर के वाइस चेयरमैन शिखर मल्होत्रा से 2010 में शादी की और उनके दो बेटे- अरमान और जहान हैं। रोशनी एक प्रशिक्षित शास्त्रीय संगीतकार भी हैं। साल 2019 में, रोशनी फोर्ब्स वर्ल्ड की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में 54 वें स्थान पर रहीं। इससे पहले 2017, 2018 में भी उन्हें इस लिस्ट में रखा गया था।

शिव नाडर की संपत्ति: रोशनी के पिता शिव नाडर की कुल संपत्ति 22 बिलियन डॉलर है। वह, ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की सूची में 69वें स्थान पर हैं। रोशनी, शिव नाडर की इकलौती बेटी हैं।