विदेशों में सोने में मजबूती के बावजूद स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की मांग में गिरावट के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत 15 रुपए की गिरावट के साथ 39,685 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं के उठाव घटने के कारण चांदी की कीमत भी 60 रुपए की गिरावट के साथ 38,220 रुपए प्रति किलो रह गई। बाजार सूत्रों ने कहा कि स्थानीय आभूषण विक्रेताओं और फुटकर कारोबारियों की कमजोर मांग के कारण मुख्यत: सोने की कीमतों में गिरावट आई लेकिन विदेशों में मजबूती के रुख के कारण यहां गिरावट पर कुछ रोक लग गई।
वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.12 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,267.60 डॉलर और चांदी 0.34 प्रतिशत की तेजी के साथ 16.15 डॉलर प्रति औंस हो गया। दिल्ली में 99.9 और 99.5 शुद्धता वाले सोने के भाव 15-15 रुपए की गिरावट के साथ क्रमश: 29,685 रुपए और 29,535 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गए। गुरुवार को इसमें 10 रुपए की तेजी आई थी।
हालांकि गिन्नी के भाव 24,500 रुपए प्रति आठ ग्राम पर अपरिर्वितत बंद हुए। सोने की तरह चांदी तैयार की कीमत 60 रुपए की गिरावट के साथ 38,220 रुपए प्रति किलो और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी की कीमत 55 रुपए की गिरावट के साथ 39,550 रुपए प्रति किलो बोली गई। हालांकि चांदी सिक्कों के भाव लिवाल 70,000 रुपए और बिकवाल 71,000 रुपए प्रति सैकड़ा के पूर्वस्तर पर ही अपरिवर्तत बंद हुए।