Richest NRI: अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी भारत और एशिया के सबसे अमीर शख्स हैं। हाल में वह अमेज़न के फाउंडर जेफ बेजोस को पीछे छोड़कर दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। वहीं, दूसरी ओर गौतम अडानी के बड़े भाई विनोद शांतिलाल अडानी सबसे अमीर NRI बनकर उभरे हैं। बुधवार को जारी हुई IIFL Wealth Hurun India Rich List 2022 के मुताबिक भारत के रईसों की लिस्ट में वह छठे नंबर पर हैं।

आईआईएफएल की वेल्‍थ हुरून इंडिया रिच लिस्‍ट 2022 में गौतम अडानी के बड़े भाई विनोद शांतिलाल अडानी सबसे अमीर एनआरआई बताए गए हैं। इस लिस्‍ट में वह भारत के अमीरों में छठे नंबर पर हैं जबकि साल 2021 में वह 49वें नंबर पर थे। उनकी कुल संपत्ति 1.69 करोड़ रुपये है। विनोद अडानी की दौलत में पिछले पांच5 साल में 9.5 गुना इजाफा हुआ है। इस दौरान उनकी वेल्‍थ 17,800 करोड़ से बढ़कर 1,69,000 करोड़ रुपये हो गई।

हर दिन कमाते हैं लगभग 102 करोड़: विनोद अडानी की संपत्ति में बीते एक साल में 37,400 करोड़ रुपयों की बढ़ोत्तरी हुई है जो कि 28 प्रतिशत की वृद्धि है। इसका मतलब है कि विनोद शांतिलाल अडानी ने पिछले साल औसतन हर दिन लगभग 102 करोड़ की कमाई की। साल 2021 में वह भारत के आठवें सबसे अमीर शख्स थे, लेकिन अब उनकी पोजीशन दो स्थान बढ़ गई है। पिछले पांच सालों में उनकी दौलत करीब 850 फीसदी यानि लगभग 1,51,200 करोड़ रुपये बढ़ी है।

1994 में दुबई जाकर बस गए: विनोद शांतिलाल अडानी ने 1976 में महाराष्ट्र के भिवंडी में वीआर टेक्सटाइल के नाम से पावर लूम्स की स्थापना की थी। इसके बाद उन्होंने सिंगापुर में ऑफिस खोलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने कारोबार का विस्तार किया। विनोद अडानी 1994 में दुबई जाकर बस गए और खाड़ी के देशों में अपने कारोबार का विस्तार किया। दुबई में उन्होंने चीनी, ऑयल, एल्यूमिनियम, कॉपर और आयरन स्क्रैप का कारोबार किया। वे उत्पादक देशों से ये सामान खरीदकर खपत करने वाले देशों में बेचा करते थे।

एनआरआई अमीरों की लिस्ट में हिंदूजा ब्रदर्स 1.65 लाख करोड़ रुपये की नेटवर्थ के साथ अमीर एनआरआई की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। स्टील टाइकून एलएन मित्तल 1.5 लाख करोड़ रुपये की वेल्थ के साथ तीसरे नंबर पर हैं।