भारतीय उद्योगपति और अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी एलवीएमएच मोएट हेनेसी के सह-संस्थापक और अध्यक्ष बर्नार्ड अरनॉल्ट को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए थे। लेकिन अब फिर से गौतम अडानी तीसरे नंबर पर पहुंच गए और बर्नार्ड अरनॉल्ट दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
शुक्रवार सुबह फोर्ब्स की रीयल-टाइम अरबपतियों की सूची के अनुसार गौतम अडानी और उनके परिवार की कुल संपत्ति शुक्रवार को 155.4 अरब डॉलर हो गई थी, जबकि बर्नार्ड अरनॉल्ट की संपत्ति 155.2 बिलियन डॉलर हो गई थी। इस तरह से गौतम अडानी ने बर्नार्ड अरनॉल्ट को पीछे छोड़ दिया था।
लेकिन करीब 3 घंटे बाद दोनों उद्योगपतियों की संपत्ति में गिरावट हुई और गौतम अडानी की संपत्ति 152.5 अरब डॉलर हो गई , जबकि बर्नार्ड अरनॉल्ट की संपत्ति 152.9 बिलियन डॉलर हो गई। इस प्रकार से गौतम अडानी फिर से तीसरे नंबर पर आ गए।
फोर्ब्स की सूची में वर्तमान में spacex और टेस्ला के सीईओ एलोन मस्क नंबर एक पर हैं, जिनकी कुल संपत्ति 273.5 बिलियन डॉलर है।एलन मस्क के बाद, बर्नार्ड अर्नाल्ट, गौतम अडानी और अमेज़ॅन के संस्थापक जेफ बेजोस हैं। जेफ बेजोस की कुल संपत्ति 149.7 बिलियन डॉलर है। फोर्ब्स की सूची में टॉप टेन में कुल 2 भारतीय उद्योगपति शामिल हैं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी 91.7 बिलियन डॉलर की कुल संपत्ति के साथ आठवें स्थान पर हैं। माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स (कुल संपत्ति 105.3 बिलियन डॉलर), लैरी एलिसन (कुल संपत्ति 98.3 बिलियन डॉलर) और अनुभवी वॉल स्ट्रीट निवेशक वॉरेन बफे (कुल संपत्ति 96.5 बिलियन डॉलर) मुकेश अंबानी से आगे हैं।
60 वर्षीय गौतम अडानी ने पिछले कुछ वर्षों में अपने पोर्ट-टू-पावर ट्रांसमिशन साम्राज्य का विस्तार किया है। साथ ही डेटा सेंटर से लेकर सीमेंट, मीडिया और अन्य विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश किया है। अडानी समूह भारत के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के बंदरगाह और हवाई अड्डे के संचालक, शहर-गैस वितरक और कोयला खदानों का मालिक है।
अडानी ने अब तक 2022 (YTD) में अपनी संपत्ति में 70 बिलियन डॉलर से अधिक की वृद्धि की है। वे दुनिया के 10 सबसे धनी लोगों में से इकलौते ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने इस वर्ष अपनी कुल संपत्ति में वृद्धि देखी है। उन्होंने पहली बार फरवरी में मुकेश अंबानी को सबसे अमीर एशियाई के रूप में पछाड़ दिया था और इसके बाद अप्रैल में उनकी संपत्ति 100 बिलियन डॉलर पार हो गई। पिछले महीने गौतम अडानी ने दुनिया के चौथे सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में माइक्रोसॉफ्ट कॉर्प के बिल गेट्स को पीछे छोड़ दिया था।