गौतम अडानी एक बार फिर से दुनिया के अरबपतियों के बीच अपनी ताकत दिखा रहे हैं। 31 अगस्त 2021 को उनकी संपत्ति में 2.81 बिलियन डॉलर का इजाफा देखने को मिला है। अब वो स्पेन के अमानशियो ऑर्टेगा से पीछे हैं और उन्हें पार करने के बाद मुकेश अंबानी के बाद 13 वें नंबर आ आ जाएंगे। फिर भारतीय अरबपति सिर्फ फ्रांस और अमरीका के अरबपतियों से ही पिछड़े होंगे। आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर गौतम अडानी की कितनी संपत्ति हो गई है।
गौतम अडानी की संपत्ति में इजाफा
मंगलवार को गौतम अडानी की संपत्ति में जबरदस्त इजाफा देखने को मिला। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के अनुसार 24 घंटे में 2.81 बिलियन डॉलर की बढ़ोतरी देखने को मिली। जिसकी वजह से उनकी कुल नेटवर्थ 69.9 बिलियन डॉलर हो गई। अभी वो दुनिया के 14वें और एशिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स हैं। जल्द ही वो स्पेन के अरबपति को पछाड़कर 13वें सबसे अमीर शख्स बन सकते हैं।
स्पेन के अरबपति को पछाड़ सकते हैं अडानी
अडानी की नजरें अब स्पेन के अरबपति अमानशियो ऑर्टेगा की पोजिशन पर हैं। ऑर्टेगा के पास 74 बिलियन डॉलर की संपत्ति है। मंगलवार को उनकी संपत्ति में 65.8 मिलियन डॉलर की गिरावट देखने को मिली है। अब गौतम अडानी को 4.1 बिलियन डॉलर की जरुरत है। उसके बाद वो स्पेन के अरबपति को पीछे छोड़ देंगे। जिसके बाद वो मुकेश अंबानी से पीछे रह जाएंगे। साथ ही एशिया के दोनों दिग्गज सिर्फ फ्रांस और अमरीका के अरबपतियों से पिछड़े हुए दिखाई देंगे।
हर सेकंड हुई करीब 24 लाख की कमाई
अगर बात गौतम अडानी की संपत्ति की बात करें तो मंगलवार को 2,05,18,05,80,000 रुपए की कमाई हुई है। अगर उनकी कमाई का प्रत्येक घंटे का औसत निकालें तो 8,549,190,833.33 रुपए होगा। जबकि प्रत्येक मिनट कमाई का औसत 142,486,513.88 बन रहा है। वहीं बीते 24 घंटे में उन्होंने हर सेकंड में 2,374,775.23 रुपए कमाए हैं।
क्यों बढ़ी उनकी संपत्ति
गौतम अडानी की संपत्ति में इजाफा उनकी कंपनियों के शेयरों में इजाफा होने से हुआ है। बीते एक महीने में उनकी कंपनियों के शेयरों में अच्छी खासी तेजी देखने को मिली है। वास्तव में अप्रैल के महीने में उनकी सभी कंपनियों के शेयर 52 हफ्तों की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए थे। फिर एक रिपोर्ट आने के बाद शेयरों में बड़ी गिरावट आ गई। जिसकी वजह से उनकी संपत्ति में गिरावट देखने को मिली थी।