जुलाई के पहले दिन भी गौतम अडानी की कंपनियों के शेयरों में गिरावट का माहौल बना हुआ है। दो कंपनियों के शेयरों में सुबह बाजार खुलते ही 5 फीसदी का लोअर सर्किट लगा हुआ है। वैसे जून के महीने से गौतम अडानी अर्श से फर्श पर पहुंचे हैं। शुरुआती दो हफ्तों में तो ऐसा लग रहा था कि वो संपत्ति के मामले में मुकेश अंबानी को भी पीछे छोड़ देंगे, लेकिन एक खबर ने ऐसा ग्रहण लगाया कि छंटने का नाम नहीं ले रहा है।
14 जून के बाद से गौतम अडानी की संपत्ति से प्रत्येक मिनट सवा पांच करोड़ रुपए कम हुए है। वहीं दुनिया की टॉप 20 अरबपतियों की सूची से भी बाहर हो गए हैं। आपको बता दें कि पिछले महीने के पहले पखवाड़े में खबर आई थी कि गौतम अडानी की कंपनियों में निवेश करने वाली विदेशी फंडों के अकाउंट को फ्रीज कर दिया गया है। इस खबर के बाद से अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में गिरावट का दौर शुरू हो गया। जिसकी वजह से गौतम अडानी की संपत्ति में भी गिरावट देखने को मिली।
हर मिनट में सवा पांच करोड़ गंवाए : गौतम अडानी ने 14 जून के बाद से हर मिनट में सवा पांच करोड़ रुपए गंवाए हैं। वास्तव में गौतम अडानी की जून में संपत्ति 77 अरब डॉलर पर पहुंच गई थी। जिसके बाद से उसमें लगातार गिरावट है। ब्लूमबर्ग इंडेक्स के अनुसार बुधवार को गौतम अडानी की संपत्ति 59.7 बिलियन डॉलर पर आ गई है। 17 जून के बाद से उनकी संपत्ति में 17.3 अरब डॉलर यानी 1,28,720 करोड़ रुपए की गिरावट आ चुकी है। यानी उसके बाद से उन्होंने प्रत्येक मिनट सवा पांच करोड़ रुपए की कटौती देखने को मिली है।
टॉप 20 की लिस्ट से बाहर : संपत्ति में जबरदस्त गिरावट के बाद से गौतम अडानी दुनिया के 20 अरबपतियों की सूची से बाहर हो गए हैं। ब्लूमबर्ग के अनुसार अब 59.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 21 वें पायदान पर पहुंच गए हैं। यानी 14 जून के बाद वो 14 वें पायदान से 7 पायदान नीचे आ चुके हैं। जानकारों की मानें तो शेयरों में गिरावट का सिलसिला अभी तक थमा नहीं है। गौतम अडानी की संपत्ति में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
शेयरों में गिरावट जारी : आज यानी गुरुवार को भी कंपनी के शेयरों में लगातार गिरावट का माहौल देखने को मिल रहा है। अडानी ट्रांसमिशन और अडानी टोटल गैस के शेयरों में 5 फीसदी का लोअर सर्किट लगा हुआ है। अडानी पॉवर में 1.70 फीसदी, अडानी ग्रीन में 4 फीसदी की गिरावट देखने को मिल रही है। जबकि अडानी इंटरप्राइजेज के शेयर 1.29 फीसदी और अडानी पोर्ट सपाट स्तर पर कारोबार कर रहा है।