दिग्गज कारोबारी गौतम अडानी की कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड को दुनिया का सबसे बड़ा सोलर पावर प्लांट बनाने का ठेका मिला है। इसके तहत अंबानी ग्रीन एनर्जी 8,000 मेगावॉट का सोलर पावर प्लांट तैयार करेगी। इसके अलावा कंपनी 2,000 मेगावॉट के डोमेस्टिक सोलर पैनल तैयार करेगी। 6 अरब डॉलर यानी करीब 45,300 करोड़ रुपये के इस टेंडर के साथ ही अडानी ग्रुप की कंपनी ने दुनिया का सबसे बड़ा सोलर पावर कॉन्ट्रैक्ट हासिल कर लिया है। अडानी ग्रीन एनर्जी के साथ ही Azure Power को भी 4,000 मेगावॉट के फोटोवोल्टैक पावर प्लांट तैयार करने का ठेका मिला है। इस कॉन्ट्रैक्ट के लिए बीते साल नवंबर में बोलियां आमंत्रित की गई थीं, जिनका अब नतीजा आया है।
अडानी ग्रुप के करीबी सूत्रों के मुताबिक कंपनी राजस्थान और गुजरात में फैसिलिटी स्थापित कर सकती है। राजस्थान सरकार ने कंपनी की ओर से जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर, जालोर और बाड़मेर में सोलर इन्फ्रास्ट्रक्चर स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। गुजरात में कंपनी कच्छ में प्लांट लगा सकती है। गौतम अडानी वह शख्सियत हैं, जिन्होंने फर्श से अर्श तक का सफर तय किया है।
महज 18 साल की उम्र में कॉलेज छोड़कर मुंबई की ट्रेन पकड़ने वाले गौतम अडानी ने डायमंड ट्रेडर के तौर पर काम शुरू किया था। शुरुआती दौर में उन्हें कई झटके झेलने पड़े थे। 1981 में वह मुंबई से वापस लौट आए और अपने बड़े भाई के साथ प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करने लगे। इसके बाद उन्होंने 1988 में अपनी फ्लैगशिप कंपनी अडानी इंटरप्राइजेज की स्थापना की थी।
1997 में किडनैप कर लिए गए थे अडानी: उनके कारोबार ने 1994 में तब रफ्तार पकड़ी जब उन्हें मुंद्रा में देश के सबसे बड़े बंदरगाह के मैनेजमेंट का ठेका मिला। यही नहीं कहा जाता है कि उन्हें 1997 में फिरौती के लिए किडनैप भी कर लिया गया था। यहां तक कि 2008 में मुंबई के आतंकी हमले में भी वह बाल-बाल बचे थे। इसके बाद 2009 में अडानी पावर की उन्होंने शुरुआत की थी। अडानी का भले ही कारोबारी जगत में लंबा सफर रहा हो, लेकिन 2014 के बाद उन्हें ऊंची उड़ान भरने का मौका मिला है।
4 साल में चार गुना बढ़ी संपत्ति: 2016 में अडानी की कुल संपत्ति 264 अरब डॉलर थी, जबकि आज उनकी संपदा 1,180 अरब डॉलर के करीब है। इस तरह सिर्फ 4 सालों में ही उनकी दौलत में करीब 4 गुना तक का इजाफा हुआ है। गौतम अडानी की कंपनी अडानी ग्रुप देश की सबसे बड़ी पोर्ट ऑपरेटर कंपनी है। यही नहीं अडानी ग्रुप का कारोबार थर्मल कोल और कोल ट्रेडिंग में भी है।