मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली कंपनी जियोमार्ट की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे कई केसों के सामने आने के बाद अपनी ने ऐक्शन लेते हुए चेतावनी नोटिस जारी किया है और लोगों से जालसाजों के झांसे में न आने की अपील की है। नोटिस में कंपनी ने लोगों को आगाह किया है कि वे ऐसे धोखेबाजों से बचें, जो जियोमार्ट के नाम पर फर्जी वेबसाइट बना कर लोगों को फ्रेंचाइजी या डीलरशिप दिलाने का झूठा वादा कर रहे हैं। रिलायंस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस चेतावनी को पब्लिश किया गया है।
चेतावनी नोटिस में रिलायंस रिटेल ने कहा, ‘हम वर्तमान में किसी भी डीलरशिप या फ्रेंचाइजी मॉडल को न तो चला रहे हैं और न ही हमने किसी डीलर को नियुक्त करने के लिए किसी फ्रेंचाइजी या किसी एजेंट को नियुक्त किया है। हम फ्रेंचाइजी नियुक्त करने के नाम पर किसी भी तरह की कोई भी धनराशि नहीं लेते हैं। जियोमार्ट 3 करोड़ छोटे किराना दुकानदारों और 12 करोड़ किसानों को अपने नेटवर्क से जोड़ना चाहती है। जियोमार्ट पर रोजाना 4 लाख से अधिक ऑर्डर बुक किए जा रहे हैं।’
कंपनी की इसी साख का फायदा यह धोखेबाज उठा रहे हैं। जियोमार्ट की फ्रेंचाइजी दिलवाने के सुनहरे सपने दिखा कर यह गिरोह, आम जन को शिकार बना रहे हैं। नोटिस में कहा गया है कि कुछ जालसाज जियोमार्ट से जुड़े होने के नाम पर फर्जी वेबसाइट बना रहे हैं और जियोमार्ट सेवाओं की फ्रेंचाइजी देने के बहाने निर्दोष व्यक्तियों को धोखा दे रहे हैं। कंपनी ने कुछ फर्जी वेबसाइटों की सूची भी जारी की है। रिलायंस रिटेल ने ट्रेडमार्क का दुरुपयोग रोकने और अपनी साख को बचाए रखने के लिए जालसाज व्यक्तियों और गिरोहों के खिलाफ आपराधिक या न्यायिक कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। कंपनी ने जनता से अपील की है कि वे इस तरह के धोखेबाजों के खिलाफ कंपनी के कानूनी सेल में रिपोर्ट करें।