दुनिया के अमीरों की सूची में भारत के सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अडानी ने बड़ा उलटफेर किया है। फोर्ब्स बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडानी, माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स को पछाड़कर अब दुनिया के चौथे सबसे अमीर आदमी बन गए हैं। अडानी की कुल संपत्ति 113 बिलियन डॉलर पर पहुंच गई। वहीं, गेट्स 102 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर काबिज है।

अडानी से ये तीन कारोबारी आगे: फोर्ब्स बिलेनियर इंडेक्स के अनुसार, अडानी से संपत्ति के मामले अब केवल दुनिया के तीन कारोबारी ही आगे हैं। इस लिस्ट में शीर्ष पर टेस्ला के संस्थापक एलन मस्क है। उनकी संपत्ति 229 बिलियन डॉलर है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर फ्रांस की लक्जरी गुड्स बनाने वाली कंपनी एलएमवीएच के मालिक बर्नार्ड अर्नाल्ट और उनका परिवार है।  उनकी संपत्ति 145 बिलियन डॉलर है। वहीं, तीसरे नंबर पर अमेरिकी ई- कॉमर्स कंपनी अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस का आता है। बेजोस के पास 136 बिलियन डॉलर की संपत्ति है।

अडानी-अंबानी में बढ़ा फासला: भारत के साथ एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति होने तमगा लंबे समय तक अपने पास रखने वाले मुकेश अंबानी संपत्ति की रेस में अडानी से लगातार पिछड़ते जा रहे हैं। फोर्ब्स बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक अंबानी- अडानी के बीच ये फासला बढ़कर 26 बिलियन डॉलर से अधिक का हो चुका है। अंबानी के पास कुल संपत्ति 87 बिलियन डॉलर है।

अडानी संपत्ति बढ़ाने में दुनिया में सबसे आगे: संपत्ति बढ़ाने के मामले में अडानी ग्रुप के मुखिया गौतम अडानी का नाम सबसे ऊपर आता है। 2022 में उनकी संपत्ति में करीब 23 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है, जो दुनिया में सबसे अधिक है। 2021 और 2020 में अडानी की संपत्ति में 40-40 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ था।

अडानी की वजह: अडानी की संपत्ति बढ़ने की सबसे बड़ी वजह अडानी ग्रुप के शेयरों में लगातार तेजी आना है। पिछले दो सालों में अडानी ग्रुप के शेयरों की वैल्यू में कई गुना का इजाफा हुआ है।