एक साल पहले तक एशिया के सबसे अमीर अरबपति रहे जैक मा के बुरे दिन चल रहे हैं। चीन के अलीबाब समूह के मुखिया जैक मा अब अरबपतियों की सूची में टॉप 25 से बाहर हो चुके हैं।

पहले अलीबाब की वैल्यूएशन जहां 857 अरब डॉलर थी, वो अब घटकर 588 अरब डॉलर रह गई है। इसी तरह Ant group का वैल्यूएशन भी 470 अरब डॉलर से घटकर महज 108 अरब डॉलर का रह गया है। बीते साल जैक मा के Ant group का आईपीओ बाजार में आने से पहले कैंसल हो गया। इस वजह से कंपनी और मालिक जैक मा को काफी नुकसान हुआ। जैक मा अगर IPO ले कर आते तो उसका वैल्युएशन 34.5 अरब डॉलर का होता। आपको यहां बता दें कि ये दोनों कंपनी जैक मा की ही है।

कहां हो गई चूक: दरअसल, बीते साल जैक मा ने चीनी राष्‍ट्रपति की आलोचना की थी। उन्होंने चीन की सरकार से अपील की थी कि व्यवस्था में ऐसा बदलाव किया जाए जो व्यवसाय में नई चीजें शुरू करने के प्रयास को दबाने की कोशिश न करे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जैक मा की इन बातों से चीन का प्रशासन नाराज हो गया। इसी के बाद उनकी कंपनियों को निशाना बनाया जाने लगा।

कितनी है दौलत: ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक जैक मा की दौलत करीब 49 बिलियन डॉलर है। फिलहाल, दुनिया के अरबपतियों की सूची में जैक मा 27वें स्थान पर हैं। जैक मा अब एशिया के भी टॉप 3 अमीरों की सूची से बाहर हो चुके हैं। अब एशिया के सबसे अमीर अरबपति के टॉप 3 अमीरों में भारत के मुकेश अंबानी, गौतम अडानी के अलावा चीन के ही शॉन्ग सानसांग हैं। (ये पढ़ें—अनिल अंबानी का कारोबार चला रहे अडानी)

मुकेश अंबानी ने पछाड़ा: एक साल पहले दौलत के मामले में जैक मा को रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी ने पछाड़ा था। इसी के साथ वह एशिया के सबसे दौलतमंद अरबपति बन गए थे। ये वो वक्त था जब मुकेश अंबानी की रिलायंस जियो और रिटेल प्लेटफॉर्म को लगातार विदेशी निवेश मिल रहे थे। जियो और रिटेल, दोनों कारोबार को मिले निवेश की वजह से भी अंबानी की दौलत में इजाफा हुआ।