Yamaha XSR 155 Price & Features: जापानी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Yamaha भारतीय बाजार में अपने वाहनों के विस्तृत रेंज में इजाफा करते हुए एक नई बाइक को लांच करने की तैयारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक कंपनी आगामी 19 दिसंबर को चेन्नई में अपनी नई बाइक Yamaha XSR 155 को लांच कर सकती है।
गाड़ी वाड़ी में छपी रिपोर्ट के अनुसार ये बाइक Yamaha XSR 155 हो सकती है, हालांकि इसके बारे में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। ये बाइक ग्लोबल मार्केट में पहले से ही मौजूद है और अब इसे भारत में भी पेश किया जा सकता है। कंपनी ने इस बाइक को दक्षिण पूर्वी एशियन बाजार में पेश किया है इसके चलते इस बाइक के भारत में लांच होने के आसार भी तेज हो गए हैं।
देखने में ये बाइक मॉर्डन और रेट्रो का मिक्स फील दे रही है। इसमें कंपनी ने राउंड शेप हेडलाइट का प्रयोग किया है। इसके अलावा इसमें बड़े फ्यूल टैंक, सिंगल एग्जॉस्ट और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर का प्रयोग किया गया है। हालांकि कंपनी इस बाइक में भारतीय बाजार के अनुसार थोड़ा बहुत बदलाव भी कर सकती है।
ऐसा माना जा रहा है कि कंपनी इस बाइक में अपने पारंपरिक 155 cc की क्षमता का सिंगल सिलिंडर युक्त, लिक्विड कूल्ड इंजन का प्रयोग कर सकती है। जो कि 19.3 PS की पावर और 14.7 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इसमें 6 स्पीड गियरबॉक्स को शामिल किया जाएगा। इसकी कीमत R15 से कम होगी।
हालांकि लांच से पहले इसकी कीमत के बारे में कुछ कहना मुश्किल है लेकिन जानकारों का मानना है कि इस बाइक को 1.30 लाख रुपये की कीमत में लांच किया जा सकता है। इस समय भारतीय बाजार में रेट्रो लुक और डिजाइन वाले बाइक्स का क्रेज काफी बढ़ रहा है। ज्यादातर कंपनियां इस डिजाइन में अपनी बाइक्स को पेश कर रही हैं।