Yamaha Tricity 300 Scooter: जापानी वाहन निर्माता कंपनी Yamaha ने तीन पहियों वाले Tricity 300 स्कूटर को पेश किया है। इसके अगले हिस्से में दो पहिए और पीछे की तरफ एक पहिया दिया गया है। बेहद ही आकर्षक लुक और दमदार इंजन क्षमता से सजे इस स्कूटर को कंपनी ने टोक्यो मोटर शो में प्रदर्शित किया है। हालांकि इसकी कीमत के बारे में कंपनी ने अभी कोई जानकारी साझा नहीं की है।

तीन पहियों वाली Yamaha Tricity 300 कंपनी द्वारा पेश किए गए पिछले मॉडल Tricity 125 और Niken के बीच उतारी गई है। ऐसा माना जा रहा है कि कंपनी इटली में आयोजित होने वाले मिलान मोटर शो में इस स्कूटर की कीमत का खुलासा करेगी। इसे कंपनी ने अपनी Tricity फैमिली से मिलता हुआ पारंपरिक डिजाइन दिया है, लेकिन ये पहले से और भी ज्यादा मसक्यूलर और स्पोर्टी अवतार में पेश किया गया है।

Yamaha का दावा है कि नई स्कूटर अपने सेग्मेंट में सबसे बेहतर परफॉर्मेंस देती है और ये अपने क्लॉस में सबसे हल्की है। इस स्कूटर में कंपनी ने 300cc की क्षमता का लिक्विड कूल्ड, 4 स्ट्रोक इंजन का प्रयोग किया है। इस स्कूटर में कंपनी ने बेहद ही शानदार सस्पेंशन का प्रयोग किया है। यदि ड्राइविंग के दौरान स्कूटर के आगे के पहिए अलग अलग सतह पर पहुंचते हैं तो उस दशा में भी इसका सस्पेंशन पहियों को जरूरत के अनुसार सपोर्ट करता है।

हालांकि इस तीन पहियों वाले स्कूटर को भारतीय बाजार में पेश किया जाएगा या नहीं, इसके बारे में कंपनी ने अभी कोई जानकारी साझा नहीं की है। फिलहाल मौजूदा समय में इस सेग्मेंट का एक भी वाहन भारतीय बाजार में मौजूद नहीं है, इसके अलावा इसे कितने लोग पसंद करेंगे या खरीदेंगे इसके बारे में भी ठीक ठीक कुछ कहा नहीं जा सकता है।