Yamaha Majesty S155 Scooter: जापान की प्रमुख दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Yamaha ने अपने व्हीकल लाइन अप को अपडेट करते हुए अपनी नई मैक्सी स्कूटर Majesty S155 से पर्दा उठाया है। बेहद ही आकर्षक लुक और दमदार इंजन क्षमता से सजी इस स्कूटर को जापान के बाजार में लांच किया गया है। इस स्कूटर की कीमत 3.45 लाख येन (जापानी मुद्रा) तय की है जो कि तकरीबन 2.4 लाख भारतीय रुपये के बराबर है। तो आइये जानते हैं इस स्कूटर में क्या है खास-

Yamaha Majesty पहले से ही जापानी बाजार में मौजूद है और अब कंपनी ने इसे अपडेट कर लांच किया है। इसमें नए डिजाइन का LED प्रोजेक्टर लैंप, डे टाइम रनिंग लाइट्स दिया गया है। इस स्कूटर में कंपनी ने 155cc की क्षमता का लिक्विड कूल्ड इंजन का प्रयोग किया गया है। जो कि 15 bhp की पावर और 14 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इसमें सीवीटी ट्रांसमिशन गियरबॉक्स दिया गया है। इसी इंजन का प्रयोग Yamaha YZF R15 बाइक में भी किया गया है।

इस स्कूटर का कुल वजन 145 किलोग्राम है और इसमें 7.4 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है। इसके फ्रंट में टेलेस्कोपिक सस्पेंशन और पिछले हिस्से में मोनोशॉक सस्पेंशन शामिल किया गया है। वहीं इसके अगले पहिए में 267 mm का डिस्क ब्रेक और पिछले पहिए में 245 mm का डिस्क ब्रेक दिया गया है। इसमें कंपनी ने 12 वोल्ट का चार्जिंग सॉकेट और सीट के नीचे 32 लीटर की धारिता का स्टोरेज स्पेस दिया गया है।

जानकारी के अनुसार कंपनी इस स्कूटर की डिलीवरी अप्रैल के मध्य महीने में शुरू कर सकती है। इस स्कूटर को मलेशिया और फिलिपिंस के भी बाजार में पेश किया जाएगा। हालांकि अभी इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है कि इसे भारतीय बाजार में लांच किया जाएगा या नहीं। क्योंकि यहां के मार्केट के लिहाज से इसकी कीमत काफी ज्यादा है।