सड़क पर कार ड्राइव करते समय आम तौर पर ये देखने को मिलता है कि अचानक से आपकी कार के पीछे कुत्ते दौड़ने लगते हैं। ऐसा लगभग हर किसी के साथ होता है। कुत्तों के कार के पीछे दौड़ने की इस हरकत से लगभग हर कोई वाकिफ है। हम सभी के दिमाग में ये सवाल भी आता है कि आखिर कुत्ते कार का पीछा क्यों करते हैं। आज हम आपको अपने इस लेख में कुछ प्वाइंट्स से समझाने की कोशिश करेंगे कि आखिर कुत्तों की इस हरकत के पीछे क्या कारण हो सकता है।
उनका भी इलाका होता है: दुनिया में कई ऐसे जानवर हैं जो कि अपने रहने की जगह को अपनी टेरिटरी यानी कि इलाके के तौर पर चिन्हित करते हैं। कुत्ता भी एक ऐसा ही जानवर है जो कि अपने रहने की जगह को एक दायरे में रखता है और उसे अपनी टेरिटरी समझता है। ऐसा माना जाता है कि जब कोई कार उनके इलाके से होकर गुजरती है तो उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता होता है जिसके बाद वो कार को अपने इलाके से दूर भगाने के लिए उसके पीछे भौंकते हुए दौड़ते हैं।
घुसपैठ की चिंता: ये हम सभी जानते हैं कि कुत्ता बहुत ही सचेत रहने वाला जानवर होता है। वो अपने इलाके में किसी भी ऐसे जीव या वस्तु को आने से रोकता है जो उनके लिए अनजान या अपरिचित होता है। एक कारण ये भी हो सकता है कि जब कोई कार उनके आस पास से गुजरती है तो उन्हें किसी घुसपैठिए का भान होता है जिसके बाद वो उसे दूर भगाने के लिए ऐसा करते हैं।
गंध और आवाज: कुत्तों की सूंघने की शक्ति सबसे तेज होती है वो दूर से ही किसी भी गंध या आवाज को पहचान लेते हैं। ऐसे में जब कार तेजी से सड़क पर दौड़ती है उससे कार के पहियों और फ्यूल की गंध मिलती है। इसके अलावा कार के चलने की आवाज से भी उन्हें कुछ अलग अहसास हो सकता है। इसलिए भी कुत्ते कार का पीछा कर उसे दूर करने की कोशिश करते हैं।
दुर्घटना: कुछ मामलों में ऐसा भी माना जाता है कि कभी कभी कुछ कुत्तों के साथ ऐसा कोई हादसा हो चुका होता है, मसलन किसी कुत्ते का कार के पहियों के नीचे आ जाना या फिर कोई दुर्घटना हो जाना। ये भी एक वजह हो सकती है कि कुत्ते ऐसे किसी भी वाहन इत्यादि को देखकर उसे दौड़ा लेते हैं।
परछाई: कुछ जानकारों का ये भी मानना है कि जब कार सड़क पर दौड़ती है तो कुछ कुत्तों को चलती कार की बॉडी पर अपनी परछाई दिखती है। जब कार आगे बढ़ती है तो उन्हें लगता है कि उनकी परछाई भी दौड़ रही है। ऐसा भी हो सकता है कि वो उस परछाई का पीछा करने के लिए कार के पीछे दौड़ते हैं।
पहियों का घुमना: ऐसा सामान्य तौर पर देखा जाता है कि कुत्ते किसी भी घुमने या फिर मूव करने वाली वस्तुओं के प्रति तेजी से आकर्षित होते हैं। यदि उनके सामने कोई गेंद भी फेंकी जाए तो वो उत्सुकता वश उसके पीछे पड़ जाते हैं। ऐसे में कार के पहियों का घुमना भी इसी तरह की स्थिति को पैदा करता है। ये भी एक कारण हो सकता है कि कुत्ते कार का पीछा करते हैं।