Uber Free Accident Insurance Scheme: भारत में कैब सर्विस तेजी से बढ़ रहा है, ज्यादतर लोग अपने डेली लाइफ में कैब कंपनियों के सर्विसेज का उपभोग कर रहे हैं। ऐसे में अमेरिका की प्रमुख कैब सर्विस कंपनी Uber ने घोषणा की है कि वो अपने ग्राहकों को मुफ्त में 5 लाख रुपये का एक्सीडेंट बीमा उपलब्ध कराएगी। ये एक्सीडेंट इंश्योरेंस कंपनी द्वारा संचालित दोपहिया, तिपहिया और कारों से यात्रा करने वाले ग्राहकों को मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में मृत्यु या दिव्यांगता के लिए बीमा की रकम 5 लाख रुपये होगी। वहीं यदि किसी भी तरह की दुर्घटना में यदि यात्री घायल हो जाता है और उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ता है तो इस दशा में ये इंश्योरेंस 2 लाख रुपये तक की कवरेज देगा। इसके अलावा ओपीडी के लिए कंपनी 50 हजार रुपये का कवरेज प्रदान करेगी।
बता दें कि, मौजूदा समय में Uber की सेवाएं भारत के 40 शहरों में उपलब्ध हैं। Uber ने कार यात्रियों को बीमा सुविधा के लिए भारती एक्सा से करार किया है। आटो और मोटरसाइकिल यात्रियों को बीमा कवर के लिए कंपनी ने TATA AIG से करार किया है।
Uber के भारत और दक्षिण एशिया के लिए केंद्रीय परिचालन प्रमुख (राइड्स) पवन वैश्य ने मीडिया को बताया कि, ‘‘हम अपने यात्रियों से नजदीकी संबंध रखते हैं। हमारा ध्यान उन्हें सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव उपलब्ध कराना है। हम अपने ड्राइवर भागीदारों को पहले से बीमा सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं। अब यात्रियों को बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे यात्रियों का उबर के प्रति भरोसा बढ़ेगा।’’
हाल ही में Uber की निकट्तम प्रतिद्वंदी Ola ने भी पेड कस्टमर ट्रिप इंश्योरेंस सर्विस की शुरुआत की थी। जिसमें कंपनी ड्राइवर द्वारा राइड कैंसिल करने पर फ्लाइट छूटने, मेडिकल एक्सपेंसेज, आउट स्टेशन राइड पर लगेज गायब होने और फाइनेंशियल इमरजेंशी को शामिल किया था। इसके लिए कंपनी डेली राइड के लिए 1 रुपया, Ola रेंटल्स के लिए 10 रुपये और Ola आउटस्टेशन के लिए 15 रुपये लेती है।
वहीं Uber ने ये मुफ्त एक्सीडेंट इंश्योरेंस सर्विस को शुरु करके अपने प्रतिद्वंदी से आगे निकल चुकी है। इसके लिए कंपनी कोई शुल्क भी नहीं ले रही है। Ola भारतीय कंपनी है और इन दोनों कंपनियों में लंबे समय से प्रतिस्पर्धा चल रही है। अब ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि Ola अपने ग्राहकों के लिए क्या कुछ नया करती है।
इनपुट: भाषा