भारत में लॉकडाउन को सरकार ने दूसरी बार बढ़ा दिया है, हलांकि इस बार इसे दो सप्ताह बढ़ाकर 4 से 18 मई तक कर दिया गया है। इस बार लॉकडाउन में गृह मंत्रालय ने नए दिशानिर्देश जारी किए हैं जो देश भर को तीन जोन में ग्रीन, ऑरेंज और रेड में बांटते हैं। इसमें ग्रीन जोन को सबसे सेफ माना जा रहा है, और इसमें उबर जैसे ऑनलाइन कैब एग्रीगेटर्स को भी अनुमति दे दी गई है।
नए आदेश के अनुसार कैब में चालक के अलावा अधिकतम दो यात्रियों को अनुमति दी जाएगी, और किसी भी यात्री को चालक के बगल में बैठने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि यह आदेश भी दोहराया गया है कि आवश्यक सेवाओं का जो लोग हिस्सा नहीं हैं, उनके शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक घर से निकलने पर प्रतिबंधित रहेगा। इसलिए कैब भी सुबह 7 बजे से और शाम 7 बजे के बीच ही चलाई जाएंगी। हालांकि, इन सेवाओं को रेड और कैंट ज़ोन में अनुमति नहीं दी जाएगी। बता दें, सरकार साप्ताहिक आधार पर संबंधित अधिकारियों के साथ प्रत्येक जिले के लिए क्षेत्र की रेटिंग भी साझा करेगी।
ग्रीन जोन में जो जिले आते हैं उनमें बस में कुल सीटों के 50 प्रतिशत यात्री को बैठने की अनुमति है, हालाँकि, ये बस केवल कुछ ही जिले के भीतर ही चलाई जाएंगी। अब तक केवल कैब एग्रीगेटर्स उबर ने इस बात की पुष्टि की है कि यह इन दिशानिर्देशों के अनुसार चुनिंदा जिलों में सेवाओं को फिर से शुरू करने जा रही है। हालाँकि अन्य ऑनलाइन कैब एग्रीगेटर्स से भी इन दिशानिर्देशों के तहत सेवाओं को फिर से शुरू करने की उम्मीद है।
बता दें, ग्रीन जोन में उन इलाकों को शामिल किया गया है, जिनमें पिछले 28 दिन से कोई भी कोरोना का नया केस सामने नहीं आया है। वहीं ऐसे इलाकों में कैब के अलावा निजी वाहनों को भी अनुमति है, हालांकि उनके पास बाहर जाने के लिए कोई ठोस वजह होनी चाहिए। बता दें, उबर कैब सेवा 25 शहरो में शुरू कर दी गई है।