World’s fastest cars: बात जब कारों की होती है तो रफ्तार का जिक्र होना लाजमी है। दुनिया भर में कई ऐसी कारें मौजूद हैं जिनकी स्पीड जान कर आप हैरान हो जाएंगे। इन कारों में बेहतरीन तकनीक और अत्याधुनिक फीचर्स के साथ साथ दमदार इंजन का प्रयोग किया गया है। जो कि कारों को किसी बुलेट से भी तेज दौड़ने की क्षमता प्रदान करते हैं। आइये जानते हैं दुनिया की टॉप 5 सबसे तेज रफ्तार कारों के बारे में —
5. Chevrolet Corvette ZR1: हमारी इस सूचि में शेवरले कॉरवेट जेडआर1 पांचवे पायदान पर है। अमेरिका की प्रमुख वाहन निर्माता कंवनी शेवरले ने इस कार में 6.2 लीटर की क्षमता का सुपर चार्ज V-8 अमेरिकन इंजन का प्रयोग किया है। जो कि कार को 755 हॉर्स पावर की शक्ति और 715 पाउंड फीट का टॉर्क प्रदान करता है। इस कार की टॉप स्पीड 341 किलोमीटर प्रतिघंटा है।

4. Ford GT: अमेरिका की ही एक और वाहन निर्माता कंपनी फोर्ड की शानदार सुपरकार फोर्ड जीटी हमारी सूचि में चौथे पायदान पर है। इस कार में कंपनी ने 3.5 लीटर की क्षमता का इकोबूस्ट इंजन प्रयोग किया है। इसी इंजन का प्रयोग कंपनी F-150 पिकअप ट्रक में भी करती है। ये इंजन कार को 647 एचपी की पॉवर और 550 पाउंट फीट का टॉर्क प्रदान करता है। ये कार महज 3 सेकेंड में ही 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है। इस कार की टॉप स्पीड 347 किलोमीटर प्रतिघंटा है।

3. Lamborghini Aventador SVJ: लैम्बोर्गिनी दुनिया भर में अपने खास अंदाज वाले स्पोर्ट कारों के लिए मशहूर है। दुनिया की कई बड़ी हस्तियां इस कार की दीवानी हैं। कंपनी ने इस कार में 6.5 लीटर की क्षमता का 48-valve V-12 इंजन का प्रयोग किया है। जो कि कार 759 एचपी की पॉवर प्रदान करता है। इतना ही नहीं ये कार महज 2.8 सेकेंड में ही 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है। इस कार की टॉप स्पीड 349 किलोमीटर प्रतिघंटा है।

2. Mercedes-AMG Project One: जर्मनी की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी मर्सडीज बेंज की ये कार भी स्पीड के मामले में काफी दमदार है, ये दुनिया की दूसरी सबसे फॉस्टेस्ट कार है। इस कार में कंपनी ने 1.6-liter V-6 गैसोलीन हाइब्रिड इंजन का प्रयोग किया है। कंपनी का दावा है कि ये एक हाइपर कार है। इसमें जो इंजन प्रयोग किया है वो फार्मूला 1 डिराइव्ड हाइब्रिड इंजन है। ये कार महज 6 सेकेंड में ही 200 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है। इसके अलावा इस कार की टॉप स्पीड 354 किलोमीटर प्रतिघंटा है।

1. Bugatti Chiron Sport: फ्रांस की प्रमुख कार निर्माता कंपनी बुगाटी दुनिया भर में सबसे तेज रफ्तार वाली कारें बनाने के लिए मशहूर है। बुगाटी चिरॉन स्पोर्ट दुनिया की सबसे फॉस्टेस्ट कार है। कंपनी ने इस कार में 8.0 लीटर की क्षमता का टर्बो चार्ज W-16 इंजन का इंजन प्रयोग किया है। इस कार की टॉप स्पीड 420 किलोमीटर प्रतिघंटा है। ये स्पीड किसी बुलेट ट्रेन से भी कहीं ज्यादा है।

बुगाटी चिरॉन स्पोर्ट के पहले दुनिया की सबसे तेज रफ्तार कार का खिताब इसी कंपनी की बुगाटी वेरॉन के नाम था। बता दें कि, बुगाटी ने कुछ साल पहले भारतीय बाजार में भी कदम रखा था और अपनी कारों को टेस्टिंग के लिए भेजा था। लेकिन यहां की खराब सड़कों के चलते कंपनी ने अपनी कारों को वापस बुला लिया।