Tata Motors Whole Sale: देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी Tata Motors ने बीते सितंबर महीने के अपने ग्लोबल सेल्स रिपोर्ट को पेश किया है। इस रिपोर्ट के अनुसार कंपनी की होलसेल बिक्री में भारी गिरावट आई है। टाटा मोटर्स ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसके समूह के वाहनों की थोक वैश्विक बिक्री सितंबर महीने में 27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 89,912 इकाई रही।
बता दें कि, इसमें जगुआर और लैंड रोवर ब्रांड वाहनों की बिक्री भी शामिल है। कंपनी ने शेयर बाजारों को दी गयी जानकारी में कहा है कि सितंबर में उसके सभी प्रकार के यात्री वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 14 प्रतिशत गिरकर 61,388 इकाई रही।
समूह की ब्रिटेन की कंपनी जगुआर लैंड रोवर ने सितंबर महीने में वैश्विक स्तर पर 53,091 वाहनों की निकासी की। इसमें जगुआर ब्रांड के 13,800 और लैंड रोवर ब्रांड के 39,291 वाहन थे। कमर्शियल वाहनों के बाजार में कंपनी के टाटा मोटर्स और टाटा देवू ब्रांड के वाहनों की निकासी सितंबर में 28,524 इकाई रही। यह एक साल पहले इसी माह की निकासी से 45 प्रतिशत कम है।
घरेलु बाजार में भी टाटा मोटर्स का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। कंपनी पिछले 9 महीनों से मशहूर कार टाटा नैनो की महज एक यूनिट ही बेच सकी है। इसके अलावा कंपनी भविष्य में इस कार को नए सेफ्टी मानकों और इंजन मानकों के अनुसार अपडेट करने के बारे में भी कोई योजना नहीं बना रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि कंपनी अपनी टाटा नैनो की बिक्री बंद कर सकती है। क्योंकि बीते 9 महीनों में एक भी यूनिट का प्रोडक्शन भी नहीं किया गया है।
इनपुट: भाषा