रॉयल एनफील्ड ने क्रूजर बाइक Meteor 350 की लांचिंग एक बार फिर से टाल दी है। अब रॉयल एनफील्ड Meteor 350 की लांचिंग दीपावली से पहले मुश्किल नज़र आ रही है। इससे पहले भी रॉयल एनफील्ड Meteor 350 की लॉन्चिंग कई बार टल चुकी है। पिछले साल रॉयल एनफील्ड Meteor 350 की 2020 की शुरुआत में लांचिंग की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन कोरोनावायरस महामारी के कारण Meteor 350 की लॉन्चिंग टलती गई।

भारत में दीपावली सीजन को वाहनों की बिक्री के लिए अहम माना जाता है। भारत में ग्राहक दीपावली और धनतेरस पर वाहन खरीदना शुभ मानते हैं। इसलिए दीपावली सीजन में वाहनों की बिक्री बढ़ जाती हैं। वाहन कंपनियां भी इस समय का उपयोग अपना नया प्रोडक्ट लॉन्च करने के लिए करती हैं। दीपावली सीजन पर वाहन कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए अट्रैक्टिव डील्स भी ऑफर करती हैं। हालांकि रॉयल एनफील्ड की Meteor 350 दीपावली सेल का फायदा नहीं उठा पाएगी। दीपावली सीजन पर Meteor 350 की लांचिग ना हो पाने का नुकसान निश्चित तौर पर रॉयल एनफील्ड को उठाना पड़ेगा।

वैसे लॉकडाउन से पहले रॉयल एनफील्ड ने वित्त वर्ष 2020-21 में हर तिमाही पर एक नया प्रोडक्ट लांच करने की योजना बनाई थी। लेकिन कोरोनावायरस के कारण मार्केट में स्लोडाउन के बाद रॉयल एनफील्ड को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ा। रॉयल एनफील्ड की नेक्स्ट जेनरेशन क्लासिक (J1A) लांचिंग भी अप्रैल 2021 से पहले मुश्किल नजर आ रही है। कंपनी फिलहाल अपने पुराने मॉडल्स को BS6 अवतार में बेच रही है। हालांकि कंपनी ने थंडरबर्ड की बिक्री बंद कर दी है, जिसके रिप्लेसमेंट के तौर पर Meteor 350 को देखा जा रहा था।

इसके अलावा रॉयल एनफील्ड को सप्लाई चैन की दिक्कतों का भी सामना करना पड़ रहा है। रॉयल एनफील्ड महीने की 60 हजार बाइक्स का प्रोडक्शन भी नहीं कर पा रही है। कंपनी अपनी बाइक Meteor 350 को Make Your Own App (MYO) के साथ लांच करने की तैयारी कर रही है। MYO app लोगों को RE मोटरसाइकिल ऑनलाइन चुनने का विकल्प प्रदान करेगी। बाइक पसंद आने के बाद ऐप के माध्यम से प्रोडक्ट को लोगों के घर पहुंचाया जाएगा। इस ऐप के माध्यम से रॉयल एनफील्ड डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी बिक्री बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

होंडा ने लॉन्च की है CB 350: अभी कुछ दिन पहले होंडा मोटर्स ने भारतीय मार्केट में Highness CB 350 लांच की है। इसके बाद माना जा रहा है अब रॉयल एनफील्ड को क्रूजर बाइक सेगमेंट में जावा के अलावा होंडा से भी कड़ी टक्कर मिलेगी। वैसे पिछले कुछ सालों में दुनिया भर में क्रूजर बाइक का चलन थोड़ा घटा है। कुछ दिन पहले अमेरिकी क्रूजर बाइक कंपनी हार्ले डेविडसन ने भारत में अपना कामकाज बंद करने का फैसला किया था।