रॉयल एनफील्ड के दीवानों की लिस्ट लगातार बढ़ती जा रही है। बुलेट का नाम आते ही इसके दीवानों के चेहरे पर अलग ही मुस्कान आ जाती है। यही कारण है कि कंपनी भी लगातार रॉयल एनफील्ड के दीवानों को ध्यान में रखते हुए बदलाव करती रहती है। रॉयल एनफील्ड का मस्कुलर डिजाइन, पावरफुल इंजन और नो नॉनसेंस लुक ही इसे लोगों की प्राइम चॉइस बनाता है। रॉयल एनफील्ड ने किक स्टार्ट और इलेक्ट्रिक स्टार्ट 350CC वेरिएंट को 6 नए रंगों में लॉन्च कर दिया है। मतलब अब आप जिस कलर में अपनी बुलेट को चाहते थे शायद कंपनी ने अब उसी कलर को भी लॉन्च किया है। आप भी अगर इनमें से किसी कलर की बुलेट लेना चाहते हैं तो 5,000 रुपए में बुक करा सकते हैं।

रॉयल एनफील्ड के स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो Royal Enfield Bullet 350 KS में सिंगल सिलेंडर का 4 स्ट्रोक, ट्वाइन स्पार्क इंजन दिया गया है। इसमें 346 CC का एयर कूल्ड इंजन दिया गया है। इसका इंजन 19.8bHP की पावर देता है और 28 न्यूटन मीटर का टॉर्क जेनरेट करता है। इसमें 5 स्पीड का गियर बॉक्स दिया गया है। इसमें 19 इंच के टॉयर दिए गए हैं और 280 mm का फ्रंट डिस्क ब्रेक और 153mm का रियर ड्रम ब्रेक दिया गया है। इसके अलावा इसमें सिंगल चैनल ABS भी दिया गया है। कीमत की बात करें तो Bullet 350 Electric Start की शुरूआती कीमत 1.27 लाख रुपये है। वहीं Royal Enfield Bullet 350 KS की शुरूआती कीमत 1.12 लाख रुपए है। यह कीमत एक्स शोरूम हैं।

रॉयल एनफील्ड 350 किक स्टार्ट के फ्यूल टैंक को हाथ से पेंट किया जाता है। इसके अलावा उस पर दी गईं स्ट्रिप्स को भी हाथ से पेंट किया जाता है। रॉयल एनफील्ड किक स्टार्ट की सीरिज में इसे बुलेट सिल्वर, सैफायर ब्लू और ओनेक्स ब्लैक कलर को जोड़ा गया है। इसके अलावा रॉयल एनफील्ड इलेक्ट्रिक स्टार्ट में जेट ब्लैक, रीगल रेड और रॉयल ब्लू को जोड़ा गया है।