भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या का आंकड़ा 5 लाख के पार पहुंच चुका है। वर्तमान में मुंबई उन शहरों में से एक है, जो COVID-19 महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित है। जिसके चलते अब वहां 31 जुलाई तक लॉकडाउन नियम को लागू कर दिया है। लेकिन लोग लगातार अपनी जान की परवाह किए बिना ही सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं। हाल ही में मुंबई पुलिस ने लॉकडाउन नियमों के उल्लंघन करने वाले 6,800 वाहनों को जब्त किया है।
वहीं अब इस परेशानी से निपटने के लिए मुंबई पुलिस ने नए नियम लागू किए हैं, जिसमें वह नागरिकों को उनके घरों के 2 किमी के दायरे से बाहर जाने से रोक सकते हैं। हालांकि इसमें ऐसे लोगों के लिए कुछ छूट है जो कार्यालय या चिकित्सा आपात स्थिति में ट्रेवल कर रहे हैं। मुंबई पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल के अनुसार रविवार को कुल 7,000 से अधिक नागरिकों ने बिना किसी जरूरी वजह के लॉकडाउन नियम को तोड़ा। जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। मुंबई पुलिस ने यह भी घोषणा की कि रैश ड्राइविंग के लिए लग्जरी ब्रांडों की 46 मोटरसाइकिलें और कारें जब्त की गई हैं।
बता दें, लॉकडाउन नियमों को तोड़ने के लिए इससे पहले भी पुलिस कई बार यह सख्त कानून अपना चूकी है, बीते मार्च में लॉकडाउन के दौरान भी देशभर की पुलिस ने हजारों वाहनों को जब्त कर लिया था। हालांकि इस बात की जानकारी नहीं है, कि जब्त किए गए वाहनों को मालिकों को कब लौटाया जाएगा। लेकिन ज्यादातर मामलों में देखा गया है कि मालिक द्वारा जुर्माना वसूलने के बाद पुलिस ने वाहनों को वापस कर दिया था।
फिलहाल कई राज्यों ने लॉकडाउन नियमों से राहत दे दी गई है। वहीं जहां कोरोना से संकगमित लोगों की संख्या ज्यादा है, उन स्थानों को सील कर दिया गया है। महाराष्ट्र राज्य में लॉकडाउन के बढ़ने के बाद पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि कम से कम संख्या में लोग अपने घरों से बाहर आएं। बता दें, अकेले मुंबई शहर में अब तक 75,539 मामले दर्ज किए गए हैं, और करीब 4,371 लोग वहां कोरानो से दम तोड़ चुके हैं।