Okinawa Lite Electric Scooter: देश की प्रमुख इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Okinawa घरेलु बाजार में अपने वाहनों के रेंज में इजाफा करने की योजना बना रही है। कंपनी ने तकनीकी पहलुओं पर काम करने के लिए हाल ही एक जापानी कंपनी से हाथ मिलाया है। अब कंपनी एक लाइट स्कूटर के प्रोजेक्ट पर काम कर रही है, जिसे जल्द ही बाजार में पेश किया जाएगा।
ऑटोपंडित में छपी रिपोर्ट के अनुसार इस स्कूटर को कुछ दिनों पहले टेस्टिंग के दौरान स्पॉट भी किया गया है। ये स्कूटर सिंगल चार्ज में 150 किलोमीटर तक का सफर कर सकेगी, इसके अलावा ये 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से भी दौड़ने में सक्षम होगी। इसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है। जिसमें आपको ट्रिप, बैटरी रेंज, स्पीड और टाइम जैसी जानकारियां मिलेंगी।
हालांकि अभी इस स्कूटर के बारे में आधिकारिक तौर पर कोई तकनीकी जानकारी साझा नहीं की गई है लेकिन जानकारों का मानना है कि कंपनी इसमें कीलेस या रिमोट की का भी प्रयोग कर सकती है। इसमें कंपनी ने फ्रंट एप्रॉन में ही हेडलाइट को शामिल किया है, इसके अलावा इसमें यू शेप LED डे टाइम रनिंग लाइट्स भी दिया गया है।
नई Okinawa Lite में कंपनी ने 10 इंच का टायर और एलॉय व्हील को भी शामिल किया है। इसके फ्रंट व्हील में डिस्क ब्रेक दिया गया है। जो कि तेज रफ्तार के दौरान भी संतुलित ब्रेकिंग प्रदान करती है। फिलहाल इस स्कूटर को टेस्टिंग के दौरान ही देखा गया है। अभी इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है कि कंपनी इसे बिक्री के लिए कब लांच करेगी। कंपनी इसकी कीमत 70 से 75 हजार रुपये तय कर सकती है।