Hero Xtreme 160R Price & Features: देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Hero MotoCorp ने हाल ही में अपनी नई बाइक Xtreme 160R को पेश किया था। अब कंपनी इस बाइक को बाजार में लांच करने की तैयारी कर रही है। इस बाइक को पहले ही कंपनी के आधिकारिक वेबसाइट पर लिस्टेड कर दिया गया है। यह बाइक Xtreme 1.R के ही कॉन्सेप्ट पर आधारित है जिसे कंपनी ने पहली बार EICMA मोटर शो के दौरान पेश किया था।

Hero का दावा है कि इस बाइक को खासकर युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें कंपनी ने BS6 मानक वाले 160 cc की क्षमता का सिंगल सिलिंडर युक्त एयर कूल्ड इंजन का प्रयोग किया है। जो कि 15 hp की पावर और 14 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इसमें 5 स्पीड गियरबॉक्स को शामिल किया गया है। इतना ही नहीं स्पीड के मामले में भी यह बाइक काफी शानदार है। कंपनी का दावा है कि यह बाइक महज 4.7 सेकेंड में ही 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड पकड़ सकती है।

कंपनी का Xtreme रेंज स्पोर्ट बाइक्स के रूप में भारतीय बाजार में मशहूर है और यह इस रेंज की एंट्री लेवल बाइक होगी। इसके अगले पहिए में कंपनी ने 276 mm के डिस्क ब्रेक और पिछले पहिए में 220 mm का डिस्क ब्रेक का प्रयोग किया है। जो कि तेज रफ्तार में भी बाइक को संतुलित ब्रेकिंग प्रदान करते हैं। इस बाइक को स्टायलिश लुक देने के लिए कंपनी ने इसमें डुअल टोन पेंट स्कीम को शामिल किया है।

बाजार में यह बाइक कई रंगों में उपलब्ध होगी, जिसमें व्हाई एंड ग्रे, ब्लू एंड ग्रे और स्पोर्ट रेड एंड ग्रे कलर प्रमुख हैं। इसमें कंपनी ने फुली LED हेडलैंप और LED टेललाइट का प्रयोग किया है। इसके अलावा LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, साइड स्टैंड इंजन कट् ऑफ, हजार्ड लैंप, टर्न सिग्नल जैसे अत्याधुनिक फीचर्स इस बाइक को और भी बेहतर बनाते हैं।

इनसे है मुकाबला और इतनी होगी कीमत: हालांकि लांच से पहले नई Hero Xtreme 160R की कीमत के बारे में कुछ भी कह पाना मुश्किल है। लेकिन जानकारों का मानना है कि कंपनी इस बाइक को 90,000 से कम की कीमत में लांच कर सकती है। बाजार में आने के बाद यह बाइक सीधे तौर TVS Apache RTR 160 को टक्कर देगी। इस बाइक को कंपनी इसी महीने बाजार में उतार सकती है। फिलहाल सभी योजनाएं लॉक डाउन के चलते प्रभावित हैं।