Hero Splendor देश भर में अपने खास कम्यूटर लुक और बजट बाइक के तौर पर मशहूर है। ज्यादातर लोग इसे एक साधारण बाइक ही मानते हैं। लेकिन इस Splendor को मॉडिफाई कर एक पावरफुल स्पोर्ट बाइक का लुक दिया गया है। दमदार आवाज के साथ ही सिंगल सीट और मसक्यूलर बॉडी हर किसी को आकर्षित कर रही है। बताया जा रहा है कि इस मॉडिफिकेशन में 2 लाख रुपये तक खर्च किए गए हैं। तो आइये जानते हैं Splendor के इस अद्भुत लुक के बारे में —
फैजल शेख नाम के एक युवक ने इन बाइक्स को मॉडिफाई किया है। ये दोनों ही Hero Splendor कम्यूटर बाइक हैं। देखने में इन दोनों बाइक्स को पहचान पाना भी मुश्किल है। एक को फ्रंट में साधारण लुक दिया गया है जबकि दूसरे बाइक को ह्यूमन स्कल जैसे हेडलाइट से सजाया गया है। इस स्कल में दो रेड लाइट और एक व्हाइट लाइट को शामिल किया गया है। इसका एक वीडियो युट्यूब चैनल मास्टर बटर द्वारा अपलोड किया गया है।
इन बाइक्स में कस्टम एग्जॉस्ट यानी कि साइलेंसर का प्रयोग किया गया है जो कि तेज आवाज करते हैं। इसके अलावा इसमें Pulsar 220 का सिंगल सीट लगाया गया है, इसमें पीछे बैठने के लिए किसी सीट को शामिल नहीं किया गया है। इसके अलावा बाइक के साइड पैनल्स को भी Pulsar के पुराने मॉडल से प्रेरित होकर तैयार किया गया है।
इन बाइक्स में चौड़े टायर लगाए गए हैं जो कि आपको Pulsar NS200 में देखने को मिलते हैं। इतना ही नहीं बाइक्स को स्पोर्टी लुक देने के लिए इन्हें व्हाइट और ऑरेंज पेंट स्कीम से सजाया गया है। जो कि KTM Duke की याद दिलाता है। इस वीडियो में बताया गया है कि इन बाइक्स को मॉडिफाई करने में में 2 लाख रुपये तक का खर्च हुआ है।
वीडियो साभार: मास्टर बटर