MS Dhoni new Nissan Jonga SUV: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का गाड़ियों और इंडियन आर्मी के प्रति लगाव जग जाहिर है। हाल ही में धोनी ने नई Jeep Grand Cherokee खरीदी थी। अब महेंद्र सिंह धोनी ने Nissan की 20 साल पुरानी Jonga एसयूवी खरीदी है। ये एक ऑफरोडिंग SUV है, जिसका इस्तेमाल भारतीय सेना भी कर चुकी है।

Nissan Jonga को धोनी ने पंजाब से खरीदा है इसे 1999 में बनाया गया था। देखने में ये मारुति जिप्सी की तरह है और बताया जा रहा है कि पूर्व में इसका इस्तेमाल भारतीय सेना द्वारा किया जाता था। 90 के दशक में ये एसयूवी अपनी उपयोगिता के चलते खासी मशहूर थी लेकिन बाद में इसे डिस्कंटीन्यू कर दिया गया था।

पुरानी होने के बावजूद आज भी ये मॉडल कुछ लोगों के पास सुरक्षित और बेहतर ड्राइविंग कंडीशन में उपलब्ध है। MS Dhoni द्वारा खरीदा गया ये मॉडल उन्हीं में से एक है। धोनी को ऐसे ऑफरोड व्हीकल्स का खासा शौक है। उनके पास पहले से ही Hummer H2, GMS Sierra और Mahindra Scorpio जैसी एसयूवी मौजूद है।

कैसे पड़ा Jonga नाम: आपको इस एसयूवी का नाम कुछ अलग लग रहा होगा। दरअसल, इसके नाम के पीछे की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। इसका नाम जबलपुर ऑर्डिनेंस एंड गनकैरेज एसेंबली (Jabalpur Ordinance and Guncarriage Assembly) के नाम पर रखा गया है। यहीं पर Nissan इंडियन आर्मी के लिए वाहनों का निर्माण करती थी।