Coronavirus Lockdown: देश भर में कोरोना वायरस का शिकंजा कसता जा रहा है, आए दिन इस भयावह बीमारी से संक्रमित लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। कोरोना के संक्रमण पर रोकथाम के लिए आगामी 14 अप्रैल तक लॉक डाउन किया गया है। हाल ही में कर्नाटक में लॉक डाउन के दौरान वाहनों के प्रयोग पर रोक लगाई थी। अब अहमदाबाद पुलिस ने भी लॉक डाउन के दौरान वाहनों के प्रयोग पर पाबंदी की घोषणा की है।

अहमदाबाद पुलिस ने न केवल वाहनों के प्रयोग पर रोक लगाई है बल्कि लॉक डाउन का उलंघन करने वाले और वाहनों का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भी आदेश दिया है। पुलिस के इस आदेश में केवल उन्हीं वाहनों को छूट दी जाएगी जो कि सरकारी और जरूरी सेवाओं जैसे पुलिस, एंबुलेंस या फिर खाद्य सामग्री आपूर्ति से जुड़े होंगे।

हाल ही में कर्नाटक पुलिस ने 7,000 वाहनों को लॉक डाउन का उलंघन करने के दौरान सीज किया था। इसके अलावा अहमदाबाद पुलिस ने भी सख्ती बढ़ा दी है। देश भर में लॉक डाउन को सफल बनाने की मुहिम चल रही है। सरकार लगातार लोगों से घरों में रहने की अपील कर रही है। आज उत्तर प्रदेश में 15 जिलों को सीज कर दिया गया है। इन जिलों में कोरोना हॉट स्पॉट इलाकों को चिन्हित किया गया है।

देश में COVID-19 से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। खबर लिखे जाने तक देश भर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 5200 तक पहुंच गई है, वहीं 149 लोग इस भयावह बीमारी के चलते अपनी जान गवां चुके हैं। सरकार के अगले आदेश तक देश भर में आगामी 14 अप्रैल तक लॉक डाउन लागू रहेगा। वहीं कुछ राज्य सरकारों ने लॉक डाउन के पीरियड को बढ़ाने की भी मांग की है।