Coronavirus Outbreak: चीन से दुनिया भर में फैले लाइलाज बीमारी कोरोना का कहर दुनिया भर में लगातार जारी है। ताजा जानकारी के अनुसार भारत में अब तक इस वायरस के चपेट में 73 लोग आ चुके हैं। वहीं दुनिया भर के 85 देशों में ये बीमारी फैल चुकी है। इस सयम चीन के साथ ही इटली में भी ये भयावह बीमारी तेजी से फैल रही है। कोरोना वायरस (COVID-19 ) का असर दुनिया के ऑटोमोबाइल बाजार पर भी पड़ रहा है। हाल ही में एक मामला सामने आया है जिसके अनुसार एक जर्मन ऑटो पार्ट्स कंपनी के कर्मचारी के चलते ये बीमारी इटली में फैली है।

जर्मनी के Munich की कार पार्ट्स सप्लायर कंपनी Webasto ने घोषणा की है कि उसके 16 कर्मचारी इस वायरस से इन्फेक्टेड हैं। ये कंपनी न केवल जर्मन वाहन निर्माताओं को स्पेयर पार्ट्स सप्लाई करती है बल्कि चीन में भी अपने पार्ट्स को बेचती है। Webasto ने जानकारी दी है कि बीते जनवरी महीने में उसका एक कर्मचारी चीन से दौरा करके लौटा था। जब वो वहां से वापस आया तो टेस्ट के दौरान वो पॉजिटिव पाया गया था।

Bloomberg की रिपोर्ट के अनुसार, उक्त कर्मचारी चीन यात्रा के दौरान अस्वस्थ महसूस कर रहा था। हालांकि उस दौरान उसके लक्षण को जेट लेग से प्रभावित माना गया। उक्त कर्मचारी इस बात से अनभिज्ञ था कि वो इस भयावह बीमारी की चपेट में आ चुका है। जर्मनी वापस आने के बाद ये कर्मचारी Webasto के मुख्यालय में कुछ कर्मचारियों से भी मिला। हालांकि कंपनी ने अगले 14 दिनों के लिए अपने वर्कशॉप को बंद कर दिया था।

वहीं इटली के लुइगी सैको यूनिवर्सिटी अस्पताल में वायरोलॉजिस्ट का कहना है कि, Webasto का एक कर्मचारी जो कि इस वायरस से इन्फेक्टेड था, उसने इटली के लोम्बार्डी रिजन की यात्रा की थी। जिसके बाद ये वायरस यहां भी फैल गया। वायरोलॉजिस्ट का दावा है कि उक्त कर्मचारी में पाए जाने वायरस का नेचर भी इटली में पाए गए वायरस के जैसा ही है। बता दें कि, चीन के बाद इटली दूसरा ऐसा देश है जहां ये बीमारी तेजी से फैल रही है। ताजा जानकारी के अनुसार इटली में अब तक 827 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है, जबकि इटली में कुल 12,462 लोग कोरोना की चपेट में हैं।