Coronavirus Lockdown Latest News: चीन से शुरू हुई भयावह बीमारी कोरोना वायरस तेजी से भारत में फैल रही है। अब तक सैकड़ों लोगों को Coronavirus अपने चपेट में ले चुकी है। इस वायरस से बचने के लिए केंद्र सरकार ने बीते 25 मार्च को आगामी 21 दिनों के लिए देश भर में सम्पूर्ण लॉक डाउन की भी घोषणा कर दी है। वहीं केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने हाईवे पर सभी टोल प्लाजाओं से कलेक्शन न करने का फैसला किया है।
इस बारे की जानकारी केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीटर के माध्यम से दी है। उन्होनें लिखा है कि देश भर में सभी टोल प्लाजा पर अस्थाई रूप से कलेक्शन को सस्पेंड किया जाता है। इससे न केवल इमरजेंसी सेवाओं को आसानी से पहुंचाने में मदद मिलेगी बल्कि इस आपात स्थिति में समय की भी भारी बचत होगी।
जानकारी के मुताबिक, टोल प्लाजाओं पर यह नियम आगामी 14 अप्रैल तक लागू रहेगा। जब तक कि देश में कम्पलीट लॉक डाउन की समय सीमा पूरी नहीं हो जाती है। हालांकि हाईवे पर केवल टोल कलेक्शन को सस्पेंड किया गया है, इसके बावजूद वहां पर इमरजेंसी सेवा इत्यादि पहले जैसी ही उपलब्ध रहेगी। हाल ही में देश भर में सभी टोल प्लाजाओं पर नए FasTag लेन को स्थापित कर दिया गया था, और सभी वाहनों पर फॉस्टैग का लगा होगा अनिवार्य कर दिया गया है।
देश में Coronavirus का खतरा हर पल बढ़ता ही जा रहा है, खबर लिखे जाने तक देश में अब तक इस वायरस से 656 लोग संक्रमित पाए गए हैं। वहीं 16 लोगों की इस वायरस के चलते मौत हो चुकी है। आगामी 14 अप्रैल तक देश में लॉक डाउन किया गया है। इस दौरान सभी लोगों को अपने घरों में ही रहने का निर्देश दिया गया है, ताकि इस वायरस के संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सके।

