भारतीय बाजार में आज चाइनीज दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी CF Moto ने अपनी तीन मोटरसाइकिलों को एक साथ लांच किया है। जिसमें CF Moto 300NK, 650NK, 650MT और 650GT शामिल है। कंपनी के इस बाइकिंग लाइनअप की शुरुआत 2.29 लाख रुपये से हुई है। CF Moto 300NK कंपनी की तरफ से पेश की जाने वाली सबसे सस्ती बाइक है।
वहीं 650NK की कीमत 3.99 लाख रुपये तय की गई है, इसके अलावा 650MT और 650GT की कीमत क्रमश: 4.99 लाख और 5.49 लाख रुपये तय की गई है। बता दें कि, इन सभी बाइक्स की आधिकारिक बुकिंग आगामी 5 अगस्त से शुरू होगी इसके लिए आपको 5,000 रुपये बतौर बुकिंग अमाउंट जमा करना होगा। ये सभी कीमतें पूरे देश में एक ही हैं।
बता दें कि, भारत पहला ऐसा बाजार है जहां पर कंपनी ने 300NK को लांच किया है। इस बाइक में कंपनी ने 292.4cc की क्षमता का लिक्विड कूल्ड इंजन का प्रयोग किया है। जो कि 28PS की पावर और 25Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। भारतीय बाजार में ये बाइक मुख्य रूप से Honda CB300R को टक्कर देगी, जिसका इंजन 30.4PS की पावर जेनरेट करता है।
इसके अलावा 650 मॉडल्स में कंपनी ने 650cc की क्षमता ट्वीन सिलिंडर युक्त इंजन प्रयोग किया है। इनमें सभी बाइक्स को अलग अलग ट्यून किया गया है जिससे अलग अलग क्षमता की पावर जेनरेट करती है। 650NK में प्रयोग किया गया इंजन 61PS की पावर जेनरेट करता है वहीं 650MT और 650GT क्रमश: 71PS और 62PS की पावर उत्पन्न करते हैं। ये मॉडल्स भारतीय बाजार में मुख्य रूप से Ninja 650 को टक्कर देंगे।
CFMoto ने भारतीय बाजार में अपने वाहनों की बिक्री के लिए AMW मोटरसाइकिल्स से अनुबंध किया है। इसके अलावा कंपनी ने अपना प्लांट बेंगलुरु में शुरु किया है। कंपनी का दावा है कि इस प्लांट की क्षमता 10,000 यूनिट्स प्रतिवर्ष है। फिलहाल कंपनी ने हैदराबाद और बेंगलुरु में अपने डीलरशिप की शुरुआत की है, जल्द ही देश के अन्य महानगरों जैसे दिल्ली, मुंबई और चेन्नई में भी कंपनी अपने डीलरशिप की शुरुआत करेगी।