Fastest Cars In The World: कार और रफ्तार दोनों एक दूसरे के पूरक होते हैं। यदि बात कारों की हो रही हो और जिक्र रफ्तार की न हो तो कुछ अधूरा सा लगता है। दुनिया भर के कार लवर्स के जेहन में एक सवाल हमेशा कौंधता रहता है कि आखिर दुनिया की सबसे तेज रफ्तार कार कौन सी है, उसमें क्या फीचर्स है या फिर उस कार की क्या कीमत है। यदि आपके दिमाग में भी ऐसे सवाल हैं तो हम आज आपको इस लेख में इसी सवाल का जवाब लेकर प्रस्तुत हुए हैं।
वैसे तो दुनिया की सबसे तेज रफ्तार कारों की फेहरिस्त में कई नाम शामिल हैं, लेकिन हम यहां पर रोड लीगल सबसे तेज रफ्तार कारों की बात करेंगे। जिनकी बिक्री सामान्य तौर पर की जाती है और जिन्हें सड़क पर चलाना कानूनी तौर पर मुनासिब है। तो आइये जानते हैं दुनिया की टॉप 5 सबसे तेज रफ्तार कारों के बारे में जिनकी स्पीड आपके दिल की धड़कने बढ़ा देगी।
5- Bugatti Chiron: दुनिया भर में फास्टेस्ट कार बनाने के मामले में फ्रेंच कार निर्माता कंपनी बुगाटी का नाम सबसे उपर है। अब तक इस कंपनी ने कई बेहतरीन लग्जरी स्पोर्ट कारों का निर्माण किया है। टॉप स्पीड की रिपोर्ट के अनुसार Bugatti Chiron दुनिया की पांचवी सबसे तेजी रफ्तार कार है। इस कार में कंपनी ने 8.0-लीटर की क्षमता का W-16 इंजन का प्रयोग किया है। यह इंजन 1,479 हॉर्सपावर की शक्ति जेनरेट करता है। यह कार महज 2.6 सेकेंड में ही 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी रफ्तार 261 मील प्रतिघंटा यानी की तकरीबन 420 किलोमीटर प्रतिघंटा तक दर्ज की गई है। इसकी कीमत 30 मिलियन डॉलर है।
4- Bugatti Veyron Super Sport: जैसा कि हमने बताया कि बुगाटी सुपरफास्ट स्पोर्ट कारों के निर्माण के लिए मशहूर है, कंपनी की एक और कार Bugatti Veyron हमारी इस सूची में चौथे पायदान पर है। साल 2010 में इस कार ने 268 मील प्रतिघंटा की स्पीड का रिकॉर्ड दर्ज किया था, जो कि तकरीबन 431 किलोमीटर प्रतिघंटा के बराबर है। इसमें भी कंपनी ने क्वाड टर्बो 8.0-लीटर की क्षमता का W-16 इंजन का प्रयोग किया है। जो कि 1,184 हार्सपावर की शक्ति जेनरेट करता है। यह कार 2.6 सेकेंड में जीरो से 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है। इसकी कीमत 2.7 मिलियन डॉलर है।
3- Hennessey Venom GT: अमेरिका की मशहूर हेनेसे परफॉर्मेंस इंजीनियरिंग नाम की कंपनी ने इस कार का निर्माण किया है। यह कंपनी स्पोर्ट कार के निर्माण के लिए दुनिया भर में विख्यात है। Venom GT दुनिया की तीसरी सबसे तेज रफ्तार कार है। इसमें कंपनी ने 7.0-लीटर की क्षमता का V-8 इंजन का प्रयोग किया है। जो कि 1,244 हॉर्सपावर की शक्ति जेनरेट करता है। यह कार महज 2.7 सेकेंड में ही जीरो से 100 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है। इस कार ने अधिकतम 270 मील यानी की 434 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार दर्ज की है। इसकी कीमत 1.2 मिलियन डॉलर है।
2- Koenigsegg Agera RS: स्वीडन की प्रमुख स्पोर्ट कार निर्माता कंपनी Koenigsegg की शानदार स्पोर्ट कार Agera RS दुनिया की दूसरी सबसे फास्टेस्ट कार है। इस कार में कंपनी ने 5.0-लीटर की क्षमता का V-8 इंजन का प्रयोग किया है। जो कि 1,341 हॉर्स पावर की शक्ति जेनरेट करता है। यह कार महज 2.6 सेकेंड में ही 100 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार पकड़ सकती है। साल 2017 में नवंबर में इस कार ने अधिकतम 278 मील प्रतिघंटा यानी की 447 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार दर्ज की थी। इसकी कीमत 2.5 मिलियन डॉलर है।
1- Bugatti Chiron Super Sport: बुगाटी की यह कार दुनिया की सबसे तेज रफ्तार कार है, कंपनी ने इसमें 8.0-लीटर की क्षमता का W-16 इंजन का प्रयोग किया है। इसे इस तरह से ट्यून किया गया है कि, यह इंजन 1,578 हार्स पावर की शक्ति जेनरेट करता है। यह कार स्टैडर्ड Chiron का ही मॉडिफाइड वर्जन है, कंपनी ने इसके इंजन के पॉवर को 99Hp तक बढ़ाया है इसके अलावां इसकी लंबाई भी 10 इंच तक बढ़ा दी गई है। यह कार महज 2.6 सेकेंड में ही 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ती है और इस कार की टॉप स्पीड 304 मील यानी की 489 किलोमीटर प्रतिघंटा है। इसकी कीमत 3.8 मिलियन डॉलर है।