Brijmohan Lal Munjal Birthday Special: भारत में ऑटो सेक्टर के दिग्गज उद्योगपति बृजमोहन लाल मुंजाल का आज जन्मदिन है। सन्र 1923 में जन्में बृजमोहन लाल मुंजाल ने अपने जुनून की बदौलत साइकिल के स्पेयर पार्ट के व्यापार को शुरू किया था। बता दें, इनके द्वारा शुरू किया गया स्पेयर पार्ट का व्यापार आज दुनिया की सबसे बड़ी दोपहिया कंपनी Hero Motocorp के नाम से जाना जाता है।
आज से करीब 76 साल पहले बृजमोहन लाल मुंजाल अपने तीन भाईयों के साथ पाकिस्तान को छोड़कर अमृतसर आ गए थें। यहां आकर उन्होनें साइकिल के स्पेयर पार्टस को शुरु किया। जिसके बाद सन्र 1954 में हीरो साइकिल्स लिमिटेड की स्थापना की गई थी। बता दें, 1956 में पंजाब सरकार ने साइकिल बनाने का लाइसेंस जारी कर मुंजाल की कंपनी को अधिकारिक रूप दिया। Hero Cycles 1975 में देश की सबसे बड़ी साइकिल निर्माता कंपनी बनकर उभरी थी। इतना ही नहीं, सन 1986 में हीरो साइकिल का नाम गिनीज़ बुक में भी दर्ज किया गया।
बताया जाता है कि मुंजाल व्यवहार में काफी कुशल थे। वे हमेशा अपने कारोबारियों जैसे डीलर्स, सप्लायर आदि से हमेशा एक परिवार की तरह संबंध बनाकर रखते थें। साइकिल की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के बाद मुंजाल ने दोपहीया वाहन बनाने की शुरुआत की जिसे हीरो मैजेस्टिक के नाम से जाना जाता था। यह कंपनी शुरूआती दौर में मैजेस्टिक स्कूटर व मोपेड बनाती थी। जिसके बाद 1984 में जापान की दिग्गज दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Honda के साथ हाथ मिलाकर यह दुनिया की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी के रूप में सामने आई।
जापानी कंपनी होंडा के सहयोग से नई कंपनी Hero Honda Motors Ltd की स्थापना की गई। इस कंपनी ने 13 अप्रैल 1985 में हीरो-होंडा की पहली बाइक CD 100 को लांच किया। हीरो और होंडा दोनों कंपनियों की बदौलत Hero Honda Motors Ltd देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी बनी। जिसके बाद हीरो होंडा ने आगे चलकर कई दोपहिया मॉडलों को बाजार में पेश किया। करीब 27 सालों तक हीरो और होंडा ने एक साथ कई बाइक्स को लांच किया था। लेकिन 2011 में दोनों कंपनियां अलग हो गईं और यहीं से नई कंपनी हीरो मोटोकॉर्प की शुरुआत हुई।
आज दुनिया की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी बनने का गौरव मुंजाल ग्रूप को मिला। समय के साथ हालात बदलें और 1 नवम्बर 2015 को 92 साल की उम्र में बृजमोहन लाल मुंजाल का निधन हो गया।