कारों की उंची कीमतों को सुनकर आप कई बार हैरान हुए होंगे लेकिन क्या आपने दुनिया की सबसे महंगी चाबी का नाम सुना है। Awain Ltd नाम की एक कंपनी ने दुनिया की सबसे महंगी लग्जरी चाबी को लांच किया है। कंपनी ने इस चाबी को लग्जरी कार रोल्स रॉयल फैंटम के लिए बनाया है, और इसकी कीमत 5 लाख यूरो यानी कि 3.92 करोड़ रुपये तय की है।
उत्तरी यूरोप की कंपनी Awain Ltd लग्जरी कारों के लिए महंगी चाबियों का निर्माण करती है। इस बार कंपनी ने रोल्स रॉयस फैंटम के लिए जो चाबी बनाई है उसमें हीरे, मोती को तराश कर लगाया गया है। इस चाबी को बनाने के लिए वॉच मेकर, ज्वेलर्स और मैकेनिकल इंजीनियरों की एक टीम ने तकरीबन 300 घंटे तक काम किया है।
कंपनी ने इस चाबी के तीन अलग अलग वैरिएंट्स को लांच किया है। इसके क्वांटम लाइन वैरिएंट में कंपनी ने बेशकीमती पत्थरों के अलावा 3.45 कैरेट के 354 हीरे लगाए गए हैं। जिसकी कीमत 49,000 यूरो है। वहीं दूसरे वैरिएंट में कंपनी ने 20 कैरेट के 1,250 हीरे को लगाया है जिसकी कीमत 89,000 यूरो है। सबसे महंगी चाबी एक्सक्लूसिव वैरिएंट के लिए है जिसमें 34.5 कैरेट का हीरा प्रयोग किया गया है इसकी कीमत 5 लाख यूरो है। बता दें कि, तीनों वैरिएंट को बनाने में कंपनी ने 18 और 24 कैरेट का सोना भी प्रयोग किया गया है।
इन चाबियों को सीमित संख्या में लिमिटेड एडिशन के तौर पर बनाया गया है। हर चाबी का अपना खुद का नंबर है जिसे चाबियों पर बहुत ही खूबसूरती से उकेरा गया है। कंपनी ने इस चाबी को दुबई में लांच किया है। दुबई में लग्जरी और महंगी कारों के बहुत से शौकीन हैं। दुबई में कई ऐसे शेख हैं जो कि सोने की बनी कारों से चलना पसंद करते हैं। ऐसे में इतनी महंगी चाबी रखना उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है।
जैसा कि हमने पूर्व में आपको बताया कि इस चाबी की कीमत तकरीबन 3.92 करोड़ रुपये है। वहीं भारतीय बाजार में मौजूद मारुति सियाज के शुरुआती वैरिएंट की कीमत तकरीबन 10 लाख रुपये है। इतनी बड़ी रकम में आप आसानी से 39 सियाज कारों को खरीद सकते हैं।

