2020 Bentley Flying Spur: ब्रिटेन की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी Bentley ने आज दुनिया की सबसे तेज रफ्तार सिडान कार Flying Spur के नए जेनरेशन से पर्दा उठाया है। बेहद ही आकर्षक लुक और दमदार इंजन क्षमता से सजी ये कार महज 3.7 सेकेंड में ही 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ती है। इसे दुनिया की सबसे फास्टेस्ट फोर डोर सिडान कार बताया जा रहा है।

कंपनी का दावा है कि नई Bentley Flying Spur अधिकतम 333 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ सकती है। बता दें कि, इस कार में कंपनी ने 6.0 लीटर की क्षमता का ट्वीन टर्बो W12 इंजन का प्रयोग किया है। जो कि इस कार को 635hp की दमदार पावर और 900Nm का पीक टॉर्क प्रदान करती है। सामान्य तौर पर बुलेट ट्रेन की अधिकतम स्पीड 320 किलोमीटर प्रतिघंटा तक होती है। ये कार रफ्तार के मामले में बुलेट ट्रेन को भी मात देती है।

इस कार में 8 स्पीड डुअल क्लच ट्रांसमिशन गियरबॉक्स को शामिल किया गया है। इस कार का कुल वजन 2,436 किलोग्राम है, बावजूद इसके ये कार 333 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ने में सक्षम है। ये नया जेनरेशन पिछले मॉडल की तुलना में तकरीबन 5 इंच ज्यादा लंबा है। इसके फ्रंट में बड़ा और आकर्षक ग्रिल लगाया गया है।

इसके अलावा इसके फ्रंट बोनट पर ‘Flying B’ का एम्बेलम लगाया गया है। नई फ्लाइंट स्पर में कंपनी ने 16.5 इंच का डिस्क ब्रेक प्रयोग किया है जो कि तेज रफ्तार में भी कार को संतुलित ब्रेकिंग प्रदान करती है। इसमें बतौर स्टैंडर्ड 21 इंच का व्हील दिया गया है हालांकि इस कार के साथ 22 इंच के व्हील का भी विकल्स उपलब्ध है।