देश के जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी के बीच संपत्ति अर्जित करने की रेस जारी है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के ताजा आंकड़ों से पता चलता है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी एक बार फिर अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी से आगे निकल गए हैं। अब दुनिया के शीर्ष 10 अरबपतियों की सूची में अंबानी 9वें नंबर पर और अडानी 10वें नंबर पर आ गए हैं। इस तरह मुकेश अंबानी ने एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का ताज वापस पा लिया है।
कैसे हुआ ये उलटफेर?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अडानी ग्रुप के शेयर्स में लगातार गिरावट देखी जा रही है। ये सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। परिणामस्वरूप गौतम अडानी की नेटवर्थ में 2.42 अरब डॉलर यानी करीब 18,780 करोड़ कमी आयी है। अब नेटवर्थ 95.7 अरब डॉलर रह गई है। वहीं दूसरी तरफ रिलायंस इंडस्ट्रीज की नेटवर्थ में 9.86 करोड़ डॉलर जुड़ा है। इस तरह मुकेश अंबानी की नेटवर्थ 96.1 अरब डॉलर हो गई है। इस साल इनकी नेटवर्थ में 6.09 अरब डॉलर की बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है।
हालांकि कुछ समय पहले अडानी 125 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की सूची में 5वें नंबर पर पहुंच गए थे। लेकिन पिछले कुछ समय से स्थिति बदली है। अडानी ग्रुप की सभी सातों लिस्टेड कंपनियों के शेयर्स में गिरावट आयी है। मंगलवार को शेयर्स की गिरावट से नेटवर्थ में 3.69 अरब डॉलर यानी करीब 28,611 करोड़ रुपये की कमी हुई थी।
सबसे अमीर कौन है?
इस साल नेटवर्थ में 51 अरब डॉलर की कमी के बावजूद टेस्ला के सीईओ एलन मस्क अभी भी दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में शीर्ष स्थान पर विराजमान हैं। फिलहाल मस्क के नेटवर्थ में 4.22 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे कुल नेटवर्थ 219 अरब डॉलर हो गया है। अमीरों की इस सूची में 146 अरब डॉलर के साथ अमेजन के जेफ बेजोस दूसरे नंबर पर हैं। 135 अरब डॉलर के साथ बर्नार्ड अर्नाल्ट तीसरे स्थान पर कायम हैं। वहीं चौथे नंबर पर बिल गेट्स और पांचवा नंबर पर वॉरेन बफे डटे हुए हैं।