अडानी ग्रुप और वेलस्पन एंटरप्राइजेज लिमिटेड के ज्वाइंट वेंचर को मुंबई के अपतटीय क्षेत्र में आवंटित ब्लॉक में प्राकृतिक गैस का भंडार मिला है। दोनों कंपनियों ने सोमवार को जारी वक्तव्य में यह जानकारी दी है।
क्या कहा कंपनी ने: अडानी वेलस्पन एक्सप्लोरेशन लिमिटेड (एडब्ल्यूईएल) ने कहा कि यह खोज नेल्प-सात में आवंटित ब्लाक एमबी-ओएसएन- 2005..2 में हुई है। यह क्षेत्र 714.6 वर्ग किलोमीटर में फैला है और मुंबई अपतटीय इलाके के ताप्ती- दमण क्षेत्र में स्थित है। इस क्षेत्र में अन्य कंपनियों द्वारा पहले ही उत्पादन कार्य किया जा रहा है।
अडानी समूह के प्रमुख गौतम अडानी ने कहा कि यह गैस खोज भारत को गैस- आधारित अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य के और करीब ले जायेगी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भारत दुनिया का तीसरी बड़ा ऊर्जा उपभोक्ता है। भारत के मौजूदा ऊर्जा उपयोग में प्राकृतिक गैस का हिस्सा छह प्रतिशत है। यह दुनिया में सबसे कम है। हम 2030 तक इसे तीन गुणा कर सकते हैं। हमारी मुंबई अपतटीय क्षेत्र में ताप्ती- दमण की खोज हमें इस लक्ष्य के और करीब ले जायेगी।’’
एडब्ल्यूईएल को यह ब्लॉक नेल्प के सातवें दौर में मिला था। आपको बता दें कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) की देश के तेल एवं गैस उत्पादन में हिस्सेदारी बढ़कर 70 प्रतिशत पर पहुंच गई है। एक दशक पहले यह हिस्सेदारी 53 प्रतिशत थी।
गौतम अडानी की दौलत कितनी: ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की वेबसाइट पर गौतम अडानी के नेटवर्थ में मामूली गिरावट आई है। गौतम अडानी की संपत्ति 49.6 बिलियन डॉलर है। वह, दौलतमंद अरबपतियों की सूची में 26वें स्थान पर हैं। गौतम अडानी से एक पायदान आगे चीन के अरबपति जैक मा हैं।