Car sales down in february: देश में चल रहे आर्थिक सुस्ती के माहौल का असर ऑटोमोबाइल सेक्टर पर फरवरी में भी देखने को मिला है। ऑटोमोबाइल सेल में फरवरी के महीने में 19.08 फीसदी की बड़ी गिरावट देखने को मिली है। ऑटो इंडस्ट्री संस्था SIAM के मुताबिक आर्थिक सुस्ती के चलते मांग में कमी आने के अलावा बीएस-6 इंजन वाले वाहनों की लॉन्चिंग से पहले खरीद में आने के चलते भी ऐसा हुआ है।
सोसायटी ऑफ इंडियन मोबाइल मैन्युफैक्चरर्स के मुताबिक इस साल फरवरी के महीने में 16,46,332 वाहन बिके हैं, जबकि बीते साल इसी महीने में 20,34,597 यूनिट्स बिकी थीं। SIAM के प्रेसिडेंट राजन वढेरा ने कहा इस गिरावट को लेकर कहा, ‘यह कमी मुख्य तौर पर आर्थिक सुस्ती के चलते आई है। इसके अलावा BS-IV वाहनों के प्रोडक्शन में कमी के चलते भी सेल में गिरावट आई है।’
यही नहीं इस गिरावट में कोरोना को भी एक वजह बताते हुए राजन ने कहा कि चीन से सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि अभी इसका कोई असर देखने को नहीं मिला है, लेकिन आने वाले दिनों में उत्पादन में कमी की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।
SIAM के मुताबिक घरेलू पैसेंजर वाहनों में फरवरी महीने में 7.61 फीसदी की गिरावट आई है। कुल 2,51,516 पैसेंजर वीकल बिके हैं, जबकि फरवरी 2019 में यह आंकड़ा 2,72,243 का था। कारों की बिक्री की बात की जाए तो फरवरी के महीने में 8.77 फीसदी की गिरावट आई है। 2019 में 1,71,307 कारों की बिक्री हुई थी, जबकि इस साल यह आंकड़ा 1,56,285 पर ही ठहर गया।
मारुति सुजुकी की सेल में सबसे कम गिरावट: कार सेल के मामले में देश की नंबर वन कंपनी मारुति सुजुकी की सेल में 2.34 पर्सेंट की गिरावट आई है, जो प्रतिस्पर्धी कंपनियों के मुकाबले काफी कम है। दूसरे नंबर की कंपनी ह्यूंदै की सेल में 7.19 पर्सेंट की गिरावट आई है। मारुति के कुल 1,33,702 वाहन बिके हैं, जबकि ह्यूंदै की 40,010 कारें ही बिकीं। भारतीय बाजार में नई आई कंपनी Kia मोटर्स ने 15,644 कारें बेची हैं।