अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी भारी कर्ज में डूबे हैं। उनकी कंपनियों का कारोबारी प्रदर्शन भी ज्यादा अच्छा नहीं है। अधिकांश कंपनियां घाटे में चल रही है। इसके बावजूद उनकी तीन कंपनियां शेयर बाजार के निवेशकों को जमकर कमाई करा रही है।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई के डाटा के मुताबिक, अनिल अंबानी ग्रुप की कंपनियों का शेयरों में प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। इसमें तीन कंपनियां रिलायंस कैपिटल, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर और रिलायंस पावर प्रमुख हैं। ये तीनों कंपनियां शेयर बाजार में निवेशकों को खूब कमाई करा रही हैं। इसमें रिलायंस पावर टॉप पर है। रिलायंस पावर ने इस साल में निवेशकों को 426 फीसदी तक का रिटर्न दिया है।
रिलायंस कैपिटल: कर्ज देने के कारोबार से जुड़ी अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कैपिटल ने इस साल में 150 फीसदी से ज्यादा तक का रिटर्न दिया है। बीएसई के डाटा के मुताबिक, 1 जनवरी 2021 को रिलायंस कैपिटल का शेयर 11.97 रुपए प्रति यूनिट पर था जो 24 जून को 30.80 रुपए प्रति यूनिट के उच्च स्तर तक पहुंचा। इस प्रकार इसने निवेशकों को 157 फीसदी का रिटर्न दिया है। हालांकि, 27 जुलाई को कंपनी का शेयर 18.30 रुपए प्रति यूनिट पर कारोबार कर रहा है। यदि इसकी 1 जनवरी के स्तर से तुलना करें तो यह अभी 52.82 फीसदी ऊपर चल रहा है। रिलायंस कैपिटल में प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप की 24.98 फीसदी हिस्सेदारी है।
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर: सड़क-हाईवे जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण से जुड़ी कंपनी रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर भी इस साल शेयर बाजार में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। 1 जनवरी 2021 को रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर का शेयर 27.65 रुपए प्रति यूनिट के स्तर पर बंद हुआ था। इस साल 21 जून के यह अपने उच्च स्तर 109 रुपए प्रति यूनिट तक पहुंचा था। इस प्रकार इसने अपने निवेशकों को 294 फीसदी तक का रिटर्न दिया है। 17 जुलाई 2021 को इसका शेयर 75.90 रुपए प्रति यूनिट पर है। यह 1 जनवरी के मुकाबले 174 फीसदी ज्यादा है।
रिलायंस पावर: बिजली उत्पादन और वितरण से जुड़ी कंपनी रिलायंस पावर भी शेयर बाजार के निवेशकों को बेहतर रिटर्न दे रही है। 1 जनवरी 2021 को इस कंपनी का शेयर 3.49 रुपए प्रति यूनिट पर बंद हुआ था। जबकि 23 जून 2021 को यह अपने उच्च स्तर 18.36 रुपए प्रति यूनिट पर पहुंचा था। इस अवधि में रिलायंस पावर ने अपने निवेशकों को 426 फीसदी तक का रिटर्न दिया था। हालांकि, आज कंपनी का शेयर 11.91 रुपए प्रति यूनिट पर कारोबार कर रहा है। 1 जनवरी की तुलना में यह 238 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है।
अनिल अंबानी की कंई कंपनियां बिकी: कैश की किल्लत के कारण अनिल अंबानी ग्रुप की कई कंपनियां दिवालिया प्रक्रिया का सामना कर रही हैं। इस कारण कई कंपनियां बिक भी गई हैं। हाल ही में रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस की बोली को कर्ज देने वालों की कमेटी ने मंजूरी दी है। इस कंपनी के लिए ऑथम इन्वेस्टमेंट ने 1629 करोड़ रुपए की बोली लगाई है। रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस रिलायंस कैपिटल की ही सब्सिडियरी थी।