कर्ज के बोझ तले दबे रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी अकसर किसी न किसी वजह से चर्चा में बने रहते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि अनिल अंबानी की लाइफ स्टाइल कैसी है। इसकी जानकारी अनिल अंबानी की ओर से दी गई थी।
लंदन की एक अदालत में अनिल अंबानी की ओर से बताया गया था कि वह सादा जीवन जीते हैं। उनकी जीवन शैली भव्य नहीं है। एक प्रवक्ता ने कहा था कि अनिल अंबानी जन्म से ही शाकाहारी हैं और किसी भी प्रकार का नशा नहीं करते हैं। अनिल अंबानी नॉन-स्मोकर हैं जो शहर से बाहर जाने के बजाए बच्चों के साथ बैठकर घर में फिल्म देखना पसंद करते हैं।
इसी दौरान ये भी जानकारी दी गई थी कि अनिल अंबानी केवल एक कार में चलते हैं और गहने बेचकर वकीलों की फीस चुका रहे हैं। अनिल अंबानी ने बताया था कि अब परिवार ही उनका खर्च उठाता है।
दरअसल, अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन (आरकॉम) ने चीन के तीन सरकारी बैंकों से कॉरपोरेट लोन लिया था। लेकिन, आरकॉम इस लोन का भुगतान करने में विफल हो गई थी। इसी मामले को लेकर लंदन की एक अदालत में सुनवाई हो रही थी। इस सुनवाई में अनिल अंबानी के लाइफस्टाइल और संपत्ति के बारे में जानकारी मिली थी।
आपको बता दें कि अनिल अंबानी पर कई बैंकों का बकाया है। यही वजह है कि अनिल अंबानी की कई कंपनियां अधिग्रहण की प्रक्रिया से गुजर रही हैं। बीते कुछ सालों से अनिल अंबानी अरबपतियों की सूची से भी बाहर हो चुके हैं। यही नहीं, अनिल अंबानी से जुड़े कई मामले अब भी अदालत में चल रहे हैं।