लंबे समय तक यामाहा मोटर इंडिया के पास भारतीय बाजार में 155cc से ऊपर कोई भी मोटरसाइकिल मौजूद नहीं थी, जिसके चलते YZF-R15 लंबे समय तक कंपनी की सबसे बड़ी बाइक रही। दिसंबर 2023 में Yamaha ने R3 और MT-03 को लॉन्च कर यह संकेत दिया था कि कंपनी भारत में अपने मल्टी-सिलेंडर और हाई-डिस्प्लेसमेंट पोर्टफोलियो का विस्तार करेगी। हालांकि, अब एक ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार Yamaha R3 और MT-03 को भारत में चुपचाप डिस्कंटीन्यू कर दिया गया है।
Yamaha R3 और MT-03 क्यों हुए बंद?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Yamaha ने इन दोनों बाइक्स का CBU आयात बंद कर दिया है। कई डीलरशिप्स ने इसकी पुष्टि की है कि, नई यूनिट्स की सप्लाई रोक दी गई है और डीलर स्टॉक बेहद सीमित है क्योंकि बिक्री आंकड़े घटकर डबल डिजिट तक सिमट चुके हैं।
कीमत घटाने के बाद भी नहीं बढ़ी डिमांड
Yamaha R3 और MT-03 की शुरुआती कीमत करीब 4.60 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई थी, जो भारतीय ग्राहकों को काफी प्रीमियम लगी। इसके साथ ही ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए Yamaha ने बाद में इन बाइक्स की कीमतों में लगभग 1.10 लाख की कटौती भी की थी। इसके बावजूद R3 और MT-03 की लोकप्रियता 350cc–500cc सेगमेंट में कम बनी रही
फीचर्स और डिजाइन के मामले में ये बाइक्स प्रतिस्पर्धियों से पिछड़ती नजर आईं और नतीजतन, अब Yamaha ने इन दोनों मॉडलों को भारतीय बाजार से हटा दिया है।
क्या नए Yamaha मॉडल भारत में आएंगे?
R3 और MT-03 के बंद होने के पीछे एक बड़ी वजह यह भी मानी जा रही है कि भारत में पुराने जनरेशन मॉडल लॉन्च किए गए थे, जबकि ग्लोबल मार्केट में R3 का नया जनरेशन मॉडल पहले ही आ चुका है। इस मामले में अच्छी खबर यह है कि नई Yamaha R3 का डिजाइन भारत में पेटेंट हो चुका है, जो संकेत देता है कि कंपनी जल्द ही नया मॉडल लॉन्च कर सकती है। संभावना है कि पुराने मॉडल्स को हटाकर Yamaha नए और ज्यादा आकर्षक प्रोडक्ट्स के लिए रास्ता साफ कर रही हो।
Jansatta Automobile Expert Conclusion
Yamaha R3 और MT-03 का भारत से जाना यह साफ करता है कि केवल प्रीमियम कीमत पर CBU बाइक लाना अब कारगर रणनीति नहीं रही। हालांकि, नई जनरेशन Yamaha R3 और भविष्य में Tenere 700, MT-07, MT-09 जैसी बाइक्स की उम्मीद अब भी बनी हुई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि Yamaha Motor India आगे भारतीय बाजार के लिए क्या नई योजना बनाती है।
(Source- Rushlane)
