Mahindra XUV3XO Price Hike News:फेस्टिव सीजन में जहां तमाम कार निर्माता अपनी कारों पर डिस्काउंट और आकर्षक डील्स ऑफर कर रहे हैं, वहीं महिंद्रा ने अपनी एक हाल में लॉन्च हुई एसयूवी की कीमतों में इजाफा कर लोगों को चौंकाने का काम किया है। महिंद्रा ने अपनी नई XUV 3XO को पांच महीने पहले ही लॉन्च किया था और अब कंपनी ने इस सब-4 मीटर एसयूवी की कीमतों में पहली बढ़ोतरी की है, जिसे तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

Mahindra XUV3XO Price Hike: कितनी बढ़ी कीमत

महिंद्रा XUV 3XO की कीमतों में कंपनी ने 30,000 रुपये की बढ़ोतरी की है, जो इसके चुनिंदा वेरिएंट पर लागू होगी। महिंद्रा XUV 3XO MX1 1.2 पेट्रोल MT, AX5 1.2 पेट्रोल AT, MX2 1.2 पेट्रोल MT और AX5 1.2 पेट्रोल MT वर्जन अब 30,000 रुपये महंगे हो जाएंगे, जिससे XUV 3XO की शुरुआती कीमत 7.79 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो जाएगी।

महिंद्रा XUV 3XO के MX3 1.2 पेट्रोल AT, AX5L 1.2 पेट्रोल MT, AX5L 1.2 पेट्रोल AT, MX2 Pro 1.2 पेट्रोल MT, MX3 1.2 पेट्रोल MT और MX2 Pro 1.2 पेट्रोल AT वेरिएंट 25,000 रुपये महंगे हो गए हैं। डीजल वेरिएंट, MX2 Pro 1.5 डीजल MT, MX3 1.5 डीजल MT, MX3 1.5 डीजल AMT, AX5 1.5 डीजल MT और AX5 1.5 डीजल AMT की कीमत में भी 10,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

Mahindra XUV3XO Price Hike: क्या पड़ेगा असर ?

कीमत में बदलाव के बाद अब महिंद्रा XUV 3XO की कीमत 7.79 लाख रुपये से 15.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच हो गई है। 3XO का मुकाबला इस सेगमेंट में टाटा नेक्सन, मारुति सुजुकी ब्रेजा, हुंडई वेन्यू और किआ सोनेट से है।

Mahindra XUV3XO Price Hike: इंजन स्पेसिफिकेशन

महिंद्रा XUV 3XO  में कंपनी ने दो इंजन का विकल्प दिया है। इसमें पहला इंजन 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल और दूसरा इंजन 1.5-लीटर डीजल है। 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दो पावर आउटपुट – 110PS/200Nm और 130PS/230Nm के साथ उपलब्ध है। आपके पास 6-स्पीड मैनुअल के साथ-साथ 6-स्पीड ऑटोमैटिक का विकल्प है। दूसरी तरफ 1.5-लीटर डीजल इंजन 117PS और 300Nm टॉर्क जनरेट करता है। इन दोनों इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड AMT का विकल्प मिलता है।

Mahindra XUV3XO Price Hike: माइलेज कितना है?

महिंद्रा XUV3XO की माइलेज पेट्रोल और डीजल वेरिएंट पर अलग अलग दर्ज की गई है, जो इस प्रकार है। यह सभी माइलेज ARAI द्वारा प्रमाणित की गई हैं।

डीजल मैनुअल 20.6 kmpl
डीजल ऑटोमैटिक 20.6 kmpl
पेट्रोल मैनुअल 20.1 kmpl
पेट्रोल ऑटोमैटिक 18.2 kmpl