महिंद्रा एंड महिंद्रा देश की सबसे बड़ी एसयूवी निर्माता है जिसने जुलाई 2023 में अपनी लाइनअप की 36,205 यूनिट की घरेलू बिक्री के साथ अपनी अब तक की सबसे ज्यादा मंथली सेल दर्ज की है। मुंबई स्थित इस भारतीय वाहन निर्माता ने अब खुलासा किया है कि उसके पास वर्तमान में एसयूवी लाइन-अप के लिए 2.80 लाख से अधिक संचयी लंबित ऑर्डर हैं जिनमें स्कॉर्पियो-एन, स्कॉर्पियो क्लासिक, एक्सयूवी 700 और थार शामिल हैं।
Mahindra SUV Range: ऑर्डर बैकलॉग
हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, महिंद्रा एंड महिंद्रा के कार्यकारी निदेशक और सीईओ (ऑटो और फार्म सेक्टर) राजेश जेजुरिकर ने खुलासा किया कि कंपनी के पास एसयूवी के लिए 2.80 लाख से अधिक लंबित ऑर्डर हैं। इसमें स्कॉर्पियो-एन और स्कॉर्पियो क्लासिक (संयुक्त) की 1.17 लाख यूनिट, थार की 68,000 यूनिट, एक्सयूवी 700 की 77,000 यूनिट, एक्सयूवी300 की 11,000 यूनिट और बोलेरो रेंज की 8,400 यूनिट शामिल हैं।
किसे मिली रही हैं सबसे ज्यादा बुकिंग
महिंद्रा की एसयूवी लाइन-अप में नए ऑर्डर और हाई वेटिंग पीरियड की मांग जारी है। कंपनी के मुताबिक, उन्हें हर महीने थार के लिए लगभग 10,000 नई बुकिंग और स्कॉर्पियो रेंज के लिए 14,000 ऑर्डर मिलते हैं। थार के एंट्री-लेवल 2WD वैरिएंट ने इस ऑफ-रोडर की बिक्री में काफी वृद्धि की है।
Mahindra SUV Lineup: वेटिंग पीरियड
मीडिया रिपोर्ट्स और डीलरशिप सूत्रों के मुताबिक, स्कॉर्पियो क्लासिक के लिए प्रतीक्षा अवधि लगभग 6-8 महीने है जबकि स्कॉर्पियो-एन पर 12 महीने तक का वेटिंग पीरियड दिया जा रहा है। महिंद्रा थार 4X4 की डिलीवरी 2-4 महीने में हो सकती है जबकि 2WD वेरिएंट के लिए 15 महीने का इंतजार करना होगा। कंपनी की प्रमुख एसयूवी XUV700 पर 14 महीने तक का वेटिंग पीरियड मिल रहा है।
आपको बताते चलें की महिंद्रा, अपनी मौजूदा लाइनअप को अपडेट करने के अलावा नई कारों को लॉन्च करने पर भी काम कर रही है। कंपनी जिन एसयूवी का अपडेट मॉडल लॉन्च करने वाली है उसमें महिंद्रा एक्सयूवी 300 और बोलेरो नियो शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी भारत में 2026 तक पांच नई इलेक्ट्रिक एसयूवी को लॉन्च करेगी।