BMW Motorrad ने लंबे इंतजार के बाद भारत में F900 GS और F900 GS Adventure को लॉन्च कर दिया है। इसमें पहले मॉडल की कीमत 13.75 लाख रुपये है, जबकि दूसरे मॉडल की कीमत 14.75 लाख रुपये (दोनों कीमतें एक्स-शोरूम) है। दोनों वेरिएंट पूरी तरह से आयातित कंप्लीटली बिल्ट-अप (CBU) मॉडल के रूप में आते हैं। कंपनी ने इन दोनों मोटरसाइकिल की बुकिंग पिछले महीने से ही शुरू कर दी थी।

F900 GS और F900 GS एडवेंचर  को दो-दो कलर ऑप्शन के साथ पेश किया गया है। पहले मॉडल को स्टाइल पैशन वेरिएंट में साओ पाउलो येलो सॉलिड पेंट या “GS ट्रॉफी” वेरिएंट में लाइट व्हाइट सॉलिड पेंट और रेसिंग ब्लू मैटेलिक के डुअल-टोन कॉम्बिनेशन के साथ खरीदा जा सकता है। दूसरी ओर, F900 GS एडवेंचर को ब्लैक स्टॉर्म मैटेलिक (फ्यूल टैंक सेंटर कवर के लिए भी) और मैट व्हाइट एल्युमीनियम रंग विकल्पों में खरीदा जा सकता है।

BMW F900 GS, GS Adventure: स्पेक्स

दोनों वेरिएंट में 895cc, लिक्विड-कूल्ड, ट्विन-सिलेंडर इन-लाइन इंजन है जो 8,500 rpm पर 104 bhp और 6,750 rpm पर 93 Nm का अधिकतम टॉर्क जनरेट करता है। पावर को 6-स्पीड गियरबॉक्स के ज़रिए रियर व्हील में ट्रांसफर किया जाता है। यह इंजन एक ब्रिज-टाइप चेसिस के भीतर लगा है जो एक डबल-साइडेड एल्युमीनियम स्विंगआर्म के ज़रिए रियर व्हील से जुड़ता है जो सीधे सेंट्रल स्प्रिंग स्ट्रट से जुड़ा होता है।

BMW का कहना है कि नए F900 GS के राइडिंग ट्राएंगल को बेहतर ऑफ-रोड इस्तेमाल के लिए ऑप्टिमाइज़ किया गया है। अपने पूर्ववर्ती की तुलना में, नए F900 GS के हैंडलबार अब पिछले मॉडल की तुलना में 15 मिमी ऊंचे हैं। इसके अलावा, अब स्टैंडर्ड एंड्यूरो फुटरेस्ट को 20 मिमी नीचे रखा गया है, जो हाई हैंडलबार पोजीशन और फ्यूल टैंक के नए डिजाइन के साथ मिलकर राइडर के लिए उबड़-खाबड़ इलाकों में सवारी करते समय खड़े रहना आसान बनाता है।

BMW F900 GS, GS Adventure: फीचर्स और अंतर

फीचर्स के बारे में बात करें, तो F900 GS में स्टैंडर्ड रूप सें फुल LED लाइटिंग, मल्टी राइडिंग मोड, पावर मोड, हीटेड हैंडलबार ग्रिप, ट्रैक्शन कंट्रोल, ABS, एक बाइ-डायरेक्शन  क्विक शिफ्टर, एक USB चार्जिंग पोर्ट और एक 6.5-इंच कलर TFT इंस्ट्रूमेंट पैनल है। इंस्ट्रूमेंटेशन ब्लूटूथ कनेक्टिविटी प्रदान करता है जो नेविगेशन और संगीत सुनने के अलावा कॉल और टेक्स्ट अलर्ट करता है।

ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार नई F900 GS रेंज को कस्टमाइज़ करने के लिए BMW एक्सेसरीज़ की एक एक्सटेंडेड रेंज से भी चुन सकते हैं। कहा जाता है कि, दोनों वेरिएंट में कुछ अंतर हैं जो उन्हें अलग बनाते हैं। उदाहरण के लिए, स्टैंडर्ड F 900 GS को ऑफ-रोड ट्रिप्स के लिए अनुकूलित किया गया है और इसलिए इसमें न्यूनतम, रैली-इंस्पायर्ड बॉडी वर्क, 226 किलोग्राम का कम कर्ब वजन, 870 मिमी की सीट की ऊंचाई और थोड़ा छोटा 14.5-लीटर फ्यूल टैंक है।

इसके विपरीत, एडवेंचर ट्रिम को एक वर्सेटाइल ऑलराउंडर के रूप में डिजाइन किया गया है, जिसमें एक्सटेंडेड रेंज के लिए बड़ा 23-लीटर फ्यूल टैंक और 875 मिमी की सीट की ऊंचाई दी गई है।