एशियन गेम्स (Asian Games) एक महाद्वीपीय मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट है। इन्हें एशियाड के नाम से भी जाना जाता है। एशियन गेम्स हर चौथे साल एशिया के एथलीट्स (Athletes) के बीच आयोजित किया जाता है। पहले एशियन गेम्स 1951 में नई दिल्ली में आयोजित किए गए थे। साल 1951 से 1978 तक इन खेलों का आयोजन एशियाई खेल महासंघ (Asian Games Federation) द्वारा किया गया। एशियाई खेल महासंघ के टूटने के कारण 1982 के बाद से इन खेलों का आयोजन एशिया ओलंपिक परिषद (Olympic Council of Asia) द्वारा किया जाता है। भारत 13 फरवरी 1949 को नई दिल्ली में गठित एशियाई खेल महासंघ के पहले पांच संस्थापक सदस्यों में से एक था। एजीएफ को 26 नवंबर 1981 को भंग कर दिया गया और उसकी जगह ओसीए ने ले ली। एशियन गेम्स को इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (International Olympic Committee) की मान्यता हासिल है। एशियन गेम्स ओलंपिक खेलों के बाद दूसरा सबसे बड़ा मल्टी-स्पोर्ट्स टूर्नामेंट कहा जाता है।
अब तक नौ देशों ने एशियन गेम्स की मेजबानी की है, जबकि 46 देशों ने हिस्सा लिया है। इसमें इजराइल भी शामिल है। हालांकि, इजराइल को 1974 के बाद एशियन गेम्स से बाहर रखा गया। नई दिल्ली (New Delhi) ने दो बार एशियाई खेलों (पहले और 1982 एशियन गेम्स) की मेजबानी की है। भारत उन 7 देशों में से एक है जिन्होंने एशियाई खेलों के सभी संस्करणों में हिस्सा लिया है। अन्य 6 देश इंडोनेशिया, जापान, फिलीपींस, श्रीलंका, सिंगापुर और थाइलैंड हैं। भारत ने हर एशियाई खेलों में कम से कम एक स्वर्ण पदक (Gold Medal) जरूर जीता है। भारत 1990 एशियन गेम्स को छोड़कर पदक तालिका में हमेशा शीर्ष 10 देशों में रहा है।
भारत ने एशियन गेम्स में अब तक कुल 672 मेडल (155 स्वर्ण पदक, 201 रजत पदक और 316 कांस्य पदक) जीते हैं। भारत ने 2018 जकार्ता एशियन गेम्स (Jakarta Asian Games) तक सबसे ज्यादा 254 पदक एथलेटिक्स में जीते हैं। भारत ने एथलेटिक्स में 79 स्वर्ण पदक, 88 रजत पदक (Silver Medal) और 87 कांस्य पदक (Bronze Medal) जीते हैं। दूसरे नंबर पर रेसलिंग है। इसमें भारत के नाम 11 स्वर्ण, 14 रजत और 34 कांस्य (कुल 59) पदक हैं। तीसरे नंबर पर काबिज शूटिंग (9 स्वर्ण, 21 रजत और 28 कांस्य) सिर्फ एक ही पदक पीछे है। Read More