अमूमम हम सभी सड़क पर या किनारे दिखने वाले गड्ढे को देख दुर्घटना का ही ख्याल दिमाग में लाते हैं। लेकिन अपराधियों की सोच कहीं भी जा सकती है। एक ऐसा ही अभी तक फिल्मों में दिखने वाला सीन असल जिंदगी में भी घटित हो गया। दरअसल, फ्लोरिडा में एक ऐसा गड्ढा दिखा, जिसे रिपेयर करने की तैयारी की जा रही थी। लेकिन मरम्मत करने आए लोगों ने जब अंदर देखा तो वह चौंक गए। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। अब इसकी जांच एफबीआई कर रही है। उसे भी इस पर भरोसा नहीं हो रहा है।

मामला करीब एक हफ्ते पुराना है। गड्ढे की जानकारी पाकर स्थानीय प्रशासन ने इसकी मरम्मत कराने के लिए मजदूर भेजे थे। जैसे ही उन्होंने इस पर काम शुरू किया और देखा तो सबके सब चौंक गए। उन्होंने देखा कि, गड्ढे में से एक सुरंग जा रही। इसे देख सभी के हाथ पांव फूल गए। उन्होंने इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को तुरंत दी। मौके पर पुलिस के पहुंचने पर सच्चाई सामने आई। पुलिस ने आकर देखा तो वह भी सकते में आ गई। इस सुरंग का रास्ता पास की एक बैंक तक जा रहा था।

इसके बाद मामले में एफबीआई को भी शामिल किया गया। एफबीआई भी मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई। गड्ढे और जांच के दौरान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। एफबीआई ने भी मामले की तस्वीरे ट्विटर पर शेयर की हैं। साथ ही बताया कि यह सुरंग मियामी के उत्तर में लगभग 32 किलोमीटर की दूरी पर स्थित पेमब्रोक पाइन्स नामक जगह पर मौजूद चेज़ बैंक की एक शाखा तक खोदी गई। साथ ही बताया गया कि यह सुरंग इतनी संकरी है कि इसमें एक बार में सिर्फ एक ही व्यक्ति गुजर सकता है, वह भी पेट के बल घिसटकर।