तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुदीप बंदोपाध्याय को मंगलवार को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार करने से पहले उनसे रोज़ वैली चिटफंड स्केम केस में पूछताछ की गई थी। सीबीआई ने पूछताछ के लिए बंदोपाध्याय को तीसरा नोटिस जारी किया था। पहले दो नोटिसों का तृणमूल सांसद ने कोई जवाब नहीं दिया था। वहीं गिरफ्तार होने से एक दिन पहले बंदोपाध्याय ने मीडिया से कहा था कि उन्हें नहीं
पता कि उन्हें नोटिस क्यों भेजा जा रहा है। वह यही जानने के लिए यहां आए हैं। वहीं सुदीप बंदोपाध्याय की गिरफ्तारी पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी काफी नाराज़ हुई। ममता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को गिरफ्तार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी देश की राजनीति को नहीं समझते, अगर वो सोचते हैं कि गिरफ्तार होने के बाद हम विरोध नहीं करेंगे, तो वो गलत हैं। हम इस कानूनी लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे और अदालत से न्याय मांगेंगे। साथ ही ममता बनर्जी ने कहा कि इस वक्त आपातकाल जैसी स्थिति है, बहुत सी राजनीतिक पार्टियां डरी हुई हैं, लेकिन बोल नहीं पा रही। आपको बता दें कि सुदीप बंदोपाध्याय से पहले इसी केस में आरोपी सांसद तपस पाल को भी गिरफ्तार किया था। तपस पाल से पिछले हफ्ते पूछताछ हुई थी।
… और पढ़ें