US President Election 2024: अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव 2024 के चार महीने पहले शनिवार रात राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप पर हमला हुआ। हमले में एक गोली उनके कान काे छू कर निकली। फिलहाल सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने हमलावर को ढेर कर दिया है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या का प्रयास कोई पहली घटना नहीं है। अमेरिका में राष्ट्रपति और पूर्व राष्ट्रपति पर हमले का इतिहास काफी पुराना है। अब्राहम लिंकन, जॉन एफ कैनेडी जैसे राष्ट्रपतियों की हत्या भी की जा चुकी है। यहां तक की जॉर्ज बुश और बराक ओबामा की भी हत्या का प्रयास हुआ था। अमेरिका में 1965 से सभी पूर्व राष्ट्रपतियों को पद छोड़ने के बाद आजीवन सीक्रेट सर्विस सुरक्षा प्राप्त है। 1997 में इसे कुछ समय के लिए बदल दिया गया था और पद छोड़ने के बाद सुरक्षा को केवल दस साल तक सीमित किया गया था, लेकिन राष्ट्रपति ओबामा ने 2012 में आजीवन सुरक्षा बहाल कर दी थी।