Kisan Credit Card: प्रधान मंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड मुहैया करवाएं जाते हैं। किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए किसानों को सस्ती दर पर कर्ज मुहैया करवाया जाता है। किसान को सिर्फ चार फीसदी की दर पर कर्ज मिल जाता है। हालांकि शर्त यह रखी गई है कि किसान समय पर कर्ज की अदायगी कर दें। इस कार्ड के जरिए किसानों को 1.60 लाख रुपये तक को लोन बिना गारंटी के दिया जाता है। किसान क्रेडिट कार्ड लोन का मुख्य उद्देश्य किसानों को कम ब्याज दर पर लोन उपलब्ध कराना है।

किसान क्रेडिट कार्ड पाने के लिए किसानों को कुछ शर्तों का पालन करना होता है। कार्ड के लिए अप्लाई करते वक्त किसानों को कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज करनी होती हैं। कार्ड धारक द्वारा अधिकतम 3.00 लाख रुपये तक का लोन लिया जा सकता है।

ये हैं शर्तें:-
कार्ड के लिए अप्लाई करने के लिए 18 वर्ष की न्यूनतम उम्र तय की गई है। इसके साथ ही अधिकतम उम्र 75 वर्ष तय है। किरायेदार किसान, मौखिक पट्टेदार, और बटाईदार भी इस कार्ड के तहत लोन ले सकते हैं। कार्ड के लिए अप्लाई करते वक्त पुराने कृषि लोन की जानकारी देना भी अनिवार्य है। अगर आप ऐसा नहीं करते या जानकारी को छिपाते हैं तो कार्ड जारी नहीं किया जाएगा।

कई बैंक इस कार्ड को जारी करते हैं। आप बैंक में संपर्क कर इस बात की जानकारी ले सकते हैं। कार्ड के लिए किसान को-ऑपरेटिव बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, नैशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बैंक ऑफ इंडिया से भी यह कार्ड लिया जा सकता है।